ऋषिकेश घूमने आए जयपुर के युवक-युवती गंगा में लापता, किनारे मिले कपड़े और मोबाइल

उत्तराखंड के ऋषिकेश में छुट्टियां मनाने आए राजस्थान के जयपुर निवासी एक युवक और युवती रविवार सुबह गंगा नदी में नहाते समय लापता हो गए। शिवपुरी इलाके में हुई इस घटना के बाद से हड़कंप मचा हुआ है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंच गईं और नदी में लगातार तलाश की जा रही है, लेकिन घंटों की मशक्कत के बाद भी दोनों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।

जानकारी के मुताबिक, जयपुर से चार दोस्तों का एक ग्रुप घूमने के लिए ऋषिकेश आया था। ये सभी शनिवार को यहां पहुंचे थे और शिवपुरी क्षेत्र के एक कैंप में रुके हुए थे। रविवार सुबह करीब 7:30 से 8:00 बजे के बीच ग्रुप के दो सदस्य—26 वर्षीय लवेश साटीवाल और 27 वर्षीय चेतना मीणा अपने बाकी दोस्तों को बिना बताए कैंप से निकलकर गंगा नदी के किनारे चले गए।

Advertisement

नदी पर पहुंचने के बाद दोनों पानी में उतरकर नहाने लगे। कुछ देर बाद उन्होंने फोन करके अपने बाकी साथियों को भी नहाने के लिए नदी किनारे बुला लिया। जब उनका दोस्त राजकुमार मीणा बताए गए स्थान पर पहुंचा, तो वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। लवेश और चेतना वहां कहीं नजर नहीं आ रहे थे, जबकि नदी के किनारे उन दोनों के कपड़े और मोबाइल फोन रखे हुए थे।

राजकुमार ने आसपास काफी आवाज लगाई और इधर-उधर ढूंढा, लेकिन जब दोनों का कहीं पता नहीं चला तो उसने तुरंत पुलिस को इस अनहोनी की खबर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और एसडीआरएफ की बचाव टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

लापता हुए युवक लवेश साटीवाल जयपुर के रहने वाले हैं और उनके पिता का नाम सुरेश साटीवाल है। बताया जा रहा है कि लवेश राजस्थान सरकार के बिजली विभाग में जूनियर इंजीनियर (जेई) के पद पर तैनात हैं। वहीं, लापता युवती चेतना मीणा जयपुर के प्रताप नगर इलाके की रहने वाली हैं और उनके पिता का नाम हरिशंकर मीणा है।

फिलहाल एसडीआरएफ के विशेषज्ञ गोताखोर (डीप डाइवर) गंगा की तेज लहरों और गहराई में उतरकर दोनों की तलाश कर रहे हैं। नदी के आसपास के संभावित ठिकानों पर भी लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण बचाव कार्य में चुनौतियां आ रही हैं।

गौरतलब है कि शिवपुरी और आसपास के गंगा घाटों पर बड़ी संख्या में सैलानी घूमने और राफ्टिंग के लिए आते हैं। प्रशासन और पुलिस ने बाहर से आने वाले पर्यटकों से अपील की है कि गंगा का बहाव बेहद तेज और गहराई अनिश्चित होती है, इसलिए अनजान जगहों पर नदी में उतरने से बचें और केवल तय किए गए सुरक्षित घाटों पर ही पूरी सावधानी के साथ स्नान करें।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.