हरिद्वार के कनखल कोलवाली इलाके के विष्णु गार्डन कॉलोनी में बीते दिन यानी शनिवार को इंटेलिजेंस ब्यूरो के एसपी पर गोली चलाने के मामला सामने आया था। संविदा पर तैनात गाड़ी चालक ने ही अपने अधिकारी पर तमंचे से गोली चलाई थी। इसी केस से जुड़े अब कई खुलासे हुए है। पता चला कि घटना के बाद आरोपी ने फर्श पर सबूत मिटाने के लिए पोछा लगाया। साथ ही वो फरार होने की तैयारी में थे। लेकिन इससे पहले वो भागता, पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
हरिद्वार में IB के SP पर उनके ही ड्राइवर ने मारी गोली
दरअसल बीते शनिवार को संविदा चालक विनोद नेगी ने अपने अधिकारी चंद्रप्रकाश नौटियाल पर गोली चला दी है। हालांकि गोली अधिकारी को छूकर निकली। उपचार के लिए उन्हें तुरंत ही अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है।
2006 से चालक पद पर कार्यरत
पुलिस ने बताया कि साल 2006 से आरोपी विनोद नेगी आईबी के स्थानीय कार्यालय में चालक के पद पर तैनात है। तो वहीं बीते डेढ़ साल से वो चालक के रूप में आईबी एसपी के साथ था। बीते पांच महीने से अधिकारी सीपी नौटियाल और चालक के बीच विवाद चल रहा था।
काम के दबाव से परेशान था ड्राइवर
पूछताछ में आरोपी ने अधिकारी की ओर से लगातार टोका टाकी किए जाने और कथित रूप से परेशान किए जाने से नाराज होने की बात कही है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, विनोद नेगी काम के दबाव से परेशान था। इसी वजह से उसने अपने अधिकारी पर गोली चलाई। हालांकि, इसके पीछे की वास्तविक वजहों का पता पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद ही चल सकेगा।
फर्श पर पोछा लगाकर साक्ष्य मिटाने का किया प्रयास
पुलिस जांच में पता चला कि पुलिस से बचने के लिए घटना के बाद आरोपी ने कार्यालय में सफाई करनी शुरू कर दी। वो फर्श पर पोछा लगाकर सबूत मिटाने की कोशिश कर रहा था। बाद में कपड़े बदलकर फरार होने की तैयारी में था। पुलिस टीम ने इसी दौरान उसे दबोच लिया। मौके से पुलिस ने घटना में इस्तेमाल तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया।
पुलिस ने क्या कहा?
इस मामले में चंद्रप्रकाश नौटियाल की तहरीर पर कनखल थाने में आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है.
-देवेंद्र सिंह रावत, कनखल कोतवाली प्रभारी-
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.









