कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर हरिद्वार पुलिस ने यातायात व्यवस्था का विस्तृत प्लान जारी कर दिया है। 24 नवंबर 2026 को होने वाले स्नान पर्व के दौरान धर्मनगरी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए अलग-अलग राज्यों और शहरों से आने वाले वाहनों के लिए रूट और पार्किंग निर्धारित की गई है। इसके साथ ही शहर में यातायात का दबाव बढ़ने पर वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को डायवर्ट करने की व्यवस्था भी की गई है।
कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर हरिद्वार में ट्रैफिक प्लान जारी
यातायात प्लान के तहत दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब की ओर से हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन नारसन, मंगलौर, कोर कॉलेज, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे। इन वाहनों की पार्किंग बैरागी कैंप, बीएचईएल और ऋषिकुल मैदान में निर्धारित की गई है। यदि इस रूट पर वाहनों का दबाव बढ़ता है तो वाहनों को नारसन, मंगलौर, नगला इमरती, लक्सर, फेरुपुर, जगजीतपुर, एसएम तिराहा और शनि चौक होते हुए श्री यंत्र पुलिया की ओर भेजा जाएगा। ऐसे वाहनों के लिए बैरागी कैंप पार्किंग निर्धारित की गई है।
दिल्ली, पंजाब और हरियाणा से आने वाले वाहनों का दबाव अत्यधिक बढ़ने पर सहारनपुर, मंडावर, भगवानपुर, सालियर, बिझौली चौक, एनएच-344, सहारनपुर बाईपास, छुटमलपुर बाईपास, बिहारीगढ़ और मोहंड होते हुए देहरादून व ऋषिकेश की ओर डायवर्जन किया जाएगा। वहीं, दिल्ली-मेरठ से आने वाली बसों का दबाव बढ़ने पर देहरादून और ऋषिकेश जाने वाले वाहनों को मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहे से देवबंद, कोलकी टोल टैक्स, बिहारीगढ़ और मोहंड के रास्ते भेजा जाएगा।
मुरादाबाद और नजीबाबाद की ओर से देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार आने वाले छोटे वाहनों के लिए नजीबाबाद, चिड़ियापुर, श्यामपुर, चंडीचौकी और चंडीचौक का रूट निर्धारित किया गया है। इन वाहनों की पार्किंग नीलधारा और गौरीशंकर में होगी। बड़े वाहनों को भी इसी मार्ग से लाकर गौरीशंकर और नीलधारा पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा।
देहरादून और ऋषिकेश से हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को नेपाली फार्म और रायवाला होते हुए हरिद्वार पहुंचाया जाएगा। इन वाहनों के लिए लालजीवाला पार्किंग निर्धारित की गई है। वहीं, देहरादून-ऋषिकेश से मेरठ और दिल्ली जाने वाले वाहनों को नेपाली फार्म, रायवाला, चंडीचौक और एनएच-344 के रास्ते भेजा जाएगा। नजीबाबाद जाने वाले वाहनों को चंडीचौक, चंडीचौकी और श्यामपुर होते हुए आगे भेजा जाएगा।
ऑटो-विक्रम और ई-रिक्शा के लिए भी तय किए रूट
स्नान पर्व के दौरान शहर में ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा के संचालन को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई है। यातायात का दबाव बढ़ने पर देहरादून, ऋषिकेश और रायवाला की ओर से आने वाले ऑटो-विक्रम को फोरलेन स्थित जयराम मोड़ तक ही आने दिया जाएगा। यहां सवारियां उतारने के बाद उन्हें वापस लौटना होगा।
ज्वालापुर और पुल जटवाड़ा की ओर से आने वाले ऑटो-विक्रम रानीपुर मोड़ और देवपुरा होते हुए बस स्टेशन व रेलवे स्टेशन तक जा सकेंगे। इसके बाद शिवमूर्ति तिराहे से तुलसी चौक की ओर यू-टर्न लेकर कनखल की तरफ जाने की व्यवस्था रहेगी। वहीं, बीएचईएल की ओर से आने वाले ऑटो-विक्रम भगत सिंह चौक, टिबड़ी फाटक, पुराने रानीपुर मोड़ और देवपुरा होते हुए बस स्टेशन व रेलवे स्टेशन तक पहुंच सकेंगे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान ललतारा पुल से शिवमूर्ति तक सभी प्रकार के वाहनों, ऑटो, विक्रम और टैक्सियों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। बैरागी कैंप पार्किंग से आने वाले ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा शंकराचार्य चौक से तुलसी चौक तक जाकर यू-टर्न लेकर वापस लौटेंगे। इसके अलावा देवपुरा चौक से शिवमूर्ति चौक के अंदर तक सभी ई-रिक्शा और ई-ऑटो का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
23 नवंबर की रात 12 बजे से भारी वाहनों पर रोक
कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को देखते हुए 23 नवंबर 2026 की रात 12 बजे से स्नान पर्व की समाप्ति तक हरिद्वार शहर क्षेत्र में सभी भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, जिससे स्नान पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.









