‘बैणी-भुली’ को चुनावी ‘गेम-चेंजर’ बताने चक्कर में ‘सेल्फ गोल’ कर बैठे मंत्रीजी !

उत्तराखंड की सियासत में इन दिनों एक अजीबोगरीब ‘स्क्रिप्ट ट्विस्ट’ देखने को मिल रहा है। होता आमतौर पर यह है कि चुनाव नजदीक आते ही सरकारें ऐसी घोषणाएं करती हैं जिससे विपक्ष बैकफुट पर जाए, लेकिन ‘बैणी-भुली’ योजना के मामले में ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने ऐसी ‘गुगली’ फेंकी कि विपक्षी खेमे को बैठे-बिठाए बड़ा मुद्दा मिल गया और खुद सरकार को सफाई की मुद्रा में आना पड़ा। सियासी गलियारों में अब चर्चा इस बात की है कि मंत्रीजी ने चुनाव जिताने का दावा करते-करते कहीं सरकार को ही न फंसा दिया हैऔर हद तो तब हो गई जब रकम का ऐलान करते वक्त उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का नाम लेना तक जरूरी नहीं समझा!

‘लखपति’ के दावे से ‘10 हजारी’ की टाइमिंग तक

कहानी की शुरुआत 17 नवंबर को चमोली से हुई थी, जहां मुख्यमंत्री धामी ने ‘भैणी-भुली’ योजना के तहत महिलाओं को प्रोत्साहन देने की घोषणा तो की, लेकिन सस्पेंस बरकरार रखते हुए रकम का खुलासा नहीं किया। सियासी पंडित मान रहे थे कि ‘सस्पेंस’ का यह पत्ता सही वक्त और सही मंच से खुलेगा। मगर इससे पहले कि कोई और आगे बढ़ता, ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कैमरों के सामने आकर 10-10 हजार रुपये की पहली किस्त का ऐलान कर दिया।

Advertisement

मंत्रीजी यहीं नहीं रुके, उन्होंने बेबाकी से कह डाला कि यह योजना चुनाव में ‘गेम चेंजर’ साबित होगी, पहली किस्त दिसंबर में आएगी और दूसरी किस्त चुनाव के बाद मिलेगी। साथ ही एक से पांच लाख रुपये तक के कर्ज का भी जिक्र कर दिया। विपक्ष के लिए इससे बेहतर ‘फुल टॉस’ भला क्या हो सकती थी? जो सरकार खुद को ‘लखपति दीदी’ बनाने के बड़े दावों के साथ पेश करती रही हो, उसके मंत्री के मुंह से चुनाव से ठीक पहले ‘10 हजार की पहली किस्त’ और ‘चुनाव के बाद दूसरी किस्त’ का फॉर्मूला निकलते ही कांग्रेस को यह कहने का मौका मिल गया कि यह जनकल्याण नहीं, बल्कि चुनावी मौसम का ‘कांटा’ और ‘प्रलोभन’ है।

सीएम का नाम गायब, सियासी कयास तेज

इस पूरे घटनाक्रम का सबसे दिलचस्प पहलू यह रहा कि जब करोड़ों की इस संभावित योजना की रकम और किस्तों की टाइमिंग बताई जा रही थी, तब मंत्रीजी के संबोधन से मुख्यमंत्री का नाम नदारद रहा। राजनीति में शब्दों का छूट जाना या नाम न लिया जाना अक्सर संयोग नहीं, बल्कि सुर्खियों की वजह बन जाता है। एक ओर जहां यह चर्चा छिड़ गई कि क्या घोषणा की ‘टाइमिंग’ और ‘क्रेडिट’ को लेकर भीतरखाने सब कुछ एक ही लय में नहीं था, वहीं दूसरी ओर विपक्ष को यह कहने की खुराक मिल गई कि सरकार के भीतर ही तालमेल और संदेश की एकरूपता पर सवाल उठ रहे हैं।

कांग्रेस को मिला ‘रिपोर्ट कार्ड’ चलाने का बहाना

मंत्रीजी के इस ‘सीधे-सपाट’ बयान ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह को धारदार हमले का मौका दे दिया। गोदियाल ने 60 महीने बनाम आखिरी दो महीने का हिसाब किताब खोलते हुए पूछ लिया कि पांच साल तक महिलाओं की सुध क्यों नहीं ली गई, और जब पहाड़ में प्रसूता माताओं को डंडी-कंडी का सहारा लेना पड़ता है या गुलदार के हमले होते हैं, तब कौन-सी योजना काम आती है?

उन्होंने 5.23 लाख महिलाओं की संख्या पर भी चुटकी लेते हुए सवाल दागा कि क्या प्रदेश की बाकी महिलाओं को चुनावी गणित से बाहर कर दिया गया है? इतना ही नहीं, बिहार-बंगाल के उदाहरणों और अंकिता भंडारी के माता-पिता को दी गई सहायता वापस मांगे जाने के विवाद का जिक्र करके उन्होंने सरकार की नीयत पर सीधा निशाना साधा। वहीं प्रीतम सिंह ने भी राज्य निर्माण में महिलाओं के योगदान की याद दिलाते हुए यह संदेश देने की कोशिश की कि मातृशक्ति का वोट नोटों से नहीं तौला जा सकता।

‘गेम चेंजर’ या ‘बैकफायर’?

सियासत में कई बार इरादे नेक या चुनावी हो सकते हैं, लेकिन शब्दों का चुनाव पूरा खेल पलट देता है। मंत्री भरत सिंह चौधरी का मकसद शायद यह बताना रहा हो कि सरकार महिलाओं को सिलाई, बुनाई, पशुपालन या छोटे कारोबार के लिए शुरुआती पूंजी देकर आत्मनिर्भर बनाना चाहती है और चुनाव में इसका फायदा मिलेगा। मगर जिस तरह उन्होंने चुनावी गणित को खुलकर सामने रख दिया और ‘चुनाव के बाद अगली किस्त’ की शर्त बता दी, उससे आलोचकों को यह कहने का मौका मिल गया कि योजना का उद्देश्य कारोबार कम और वोट बैंक ज्यादा दिख रहा है। फिलहाल, ‘बैणी-भुली’ योजना की दिसंबर वाली किस्त से पहले ही सियासी बयानबाजी ने जोर पकड़ लिया है। अब देखना यह है कि सरकार इस ‘गेम चेंजर’ बयान से निकले सियासी तूफान को कैसे संभालती है, और क्या अगली बार माइक थामते वक्त मंत्रीजी नाम लेने में कोई ‘चूक’ नहीं करेंगे।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.