नदियों को साफ करने और उन्हें फिर से जीवंत बनाने की बातें तो लंबे समय से होती रही हैं, लेकिन अब उत्तराखंड में पानी के प्रदूषण और उससे फैलने वाली अदृश्य बीमारियों के खिलाफ सीधे मैदान में उतरने की तैयारी है। बात हो रही है सोंग नदी बेसिन की, जहां जल प्रदूषण के साथ-साथ ‘रोगाणुरोधी प्रतिरोध’ (AMR) यानी एंटीबायोटिक दवाओं के बेअसर होने जैसी गंभीर समस्या से निपटने के लिए दो दिन की खास कार्यशाला शुरू हो गई है। अब (AI) आधारित पूर्वानुमान की मदद से यह पता लगाया जाएगा कि सोंग नदी बेसिन में प्रदूषण और AMR के ‘हॉटस्पॉट’ कहां हैं और यह गंदगी किन रास्तों से फैल रही है। 23 और 24 नवंबर को चलने वाली इस कार्यशाला का मकसद बिल्कुल साफ है। सिर्फ कागजों पर समस्याएं गिनने के बजाय ऐसे ठोस उपाय तैयार करना, जिन्हें जमीन पर उतारा जा सके। इसे इंटरनेशनल वाटर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (IWMI) और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी रुड़की (IITR) मिलकर आयोजित कर रहे हैं।
क्या है’वन हेल्थ’ का सीधा फंडा ?
यह पूरी पहल CGIAR के सस्टेनेबल एनिमल एंड एक्वेटिक फूड्स (SAAF) कार्यक्रम के तहत ‘वन हेल्थ’ (One Health) सोच पर आधारित है। आम भाषा में समझें तो ‘वन हेल्थ’ का मतलब है कि इंसान, जानवर, खेती-बाड़ी और पर्यावरण, सबकी सेहत एक-दूसरे से जुड़ी है। अगर नदी का पानी दूषित होता है या उसमें दवाओं के प्रति प्रतिरोधी कीटाणु पनपते हैं, तो उसका असर खेतों की फसलों, पशुओं और आखिरकार इंसानों की सेहत पर भी पड़ता है। इसलिए इस समस्या से निपटने के लिए किसी एक विभाग के भरोसे नहीं रहा जा सकता।
कहां और कैसे फैल रहा है खतरा
पानी की गुणवत्ता की जांच और आधुनिक तकनीक जैसे जलविज्ञान मॉडलिंग (SWAT + BFTM), डिजिटल ट्विन और एआई (AI) आधारित पूर्वानुमान की मदद से यह पता लगाया जाएगा कि सोंग नदी बेसिन में प्रदूषण और AMR के ‘हॉटस्पॉट’ कहां हैं और यह गंदगी किन रास्तों से फैल रही है। नदी को फिर से संवारने के लिए एक साझा रोडमैप बनाया जाएगा। साथ ही, जमीन, पानी और खाद्य प्रणालियों में जलजनित AMR को कम करने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों के समाधानों की एक व्यावहारिक सूची (‘कैटलॉग ऑफ सॉल्यूशंस’) तैयार होगी। सिंचाई, प्रदूषण नियंत्रण, पशुपालन, जनस्वास्थ्य और नदी कायाकल्प से जुड़े विभागों के अलावा ICAR, BAIF और WHO जैसे संस्थानों के विशेषज्ञ एक मंच पर आकर संयुक्त कार्ययोजना पर मंथन कर रहे हैं।
नदी की सेहत बचाना वक्त की जरूरत
कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जलागम सचिव और WMD के मुख्य परियोजना निदेशक दिलीप जावलकर ने दो टूक कहा कि सोंग नदी की सेहत को सुरक्षित और बेहतर बनाना आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने जोर दिया कि प्रदूषण रोकने, पानी बचाने और अलग-अलग विभागों के तालमेल के साथ नदी के कायाकल्प को प्राथमिकता देनी होगी। उनके मुताबिक, तभी नदी का प्राकृतिक तंत्र और आम लोगों की सेहत—दोनों सुरक्षित रह पाएंगे। बता दें कि देहरादून की पूर्वी दून घाटी में बहने वाली सौंग नदी में घरेलू अपशिष्ट, नालों का गंदा पानी, झाग और कचरे के कारण प्रदूषण बढ़ रहा है, खासकर निचले हिस्सों जैसे डोईवाला और सहायक नदियों (जैसे सुसवा, रिस्पना व बिंदाल के प्रभाव) के पास स्थिति अधिक चिंताजनक बताई जाती है। कई इलाकों से अनुपचारित गंदा पानी और कचरा मिलने से पानी में झाग, दुर्गंध और जल गुणवत्ता में गिरावट देखी गई है। वैज्ञानिक अध्ययनों में नदी के बेसिन क्षेत्र में पोषक तत्वों और अन्य रासायनिक भारों का आकलन किया गया है, जिससे जल पारिस्थितिकी पर दबाव पड़ता है। नदी के किनारे रहने वाले लोगों और किसानों को दूषित जल, बदबू और स्वास्थ्य व आजीविका से जुड़ी चिंताओं का सामना करना पड़ता है।
विज्ञान और आंकड़ों के सहारे बनेगी योजना
वहीं, IIT रुड़की के प्रो. सुमित सेन ने इस बात पर बल दिया कि सोंग नदी बेसिन में प्रदूषण और AMR से लड़ने के लिए एकीकृत मॉडलिंग जरूरी है, ताकि यह समझा जा सके कि किसी कदम का क्या असर पड़ेगा। कार्यशाला के सत्र में उन्होंने SWAT + BFTM मॉडलिंग के जरिए सोंग नदी बेसिन की मौजूदा तस्वीर और संभावित बदलावों के परिदृश्य सामने रखे। इसका फायदा यह होगा कि आगे की योजनाएं अंदाजे के बजाय ठोस वैज्ञानिक आंकड़ों के आधार पर बन सकेंगी। कुल मिलाकर, यह कार्यशाला से उम्मीद है कि तकनीक, विज्ञान और अलग-अलग महकमों की साझेदारी से सोंग नदी को साफ और स्वस्थ बनाने की मुहिम को नई रफ्तार मिलेगी।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.









