उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सत्ताधारी पार्टी भाजपा के साथ ही कांग्रेस ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने दावा किया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 45 से अधिक सीटें जीतकर प्रदेश में सरकार बनाएगी।
उत्तराखंड में 45 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी कांग्रेस: हरदा
हरदा ने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और कांग्रेस सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी। हरदा ने कहा कि कि पार्टी इस बार ‘अबकी बार 45 पार’ के नारे के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। हरदा ने स्पष्ट किया कि पार्टी किसी एक चेहरे के बजाय सामूहिक नेतृत्व के आधार पर चुनाव मैदान में उतरेगी और राहुल गांधी के चेहरे को आगे रखकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के कई चेहरे हैं।
राहुल और प्रियंका गांधी करेंगे उत्तराखंड का दौरा
हरीश रावत ने संकेत दिए कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी जल्द ही उत्तराखंड का दौरा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी प्रदेशभर में अपनी सक्रियता बढ़ाएगी। महिला अपराध, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस आंदोलनों की श्रृंखला शुरू करने की तैयारी में है। इन मुद्दों को पार्टी चुनावी अभियान का प्रमुख आधार बनाएगी।
हरीश धामी के गनर बदले जाने पर भी उठाए सवाल
वहीं इन दिनों धारचूला विधायक हरीश धामी के गनर बदले जाने का मामला भी चर्चा में है। मीडिया से बातचीत में हरीश रावत ने विधायक की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधि की सुरक्षा से खिलवाड़ किया जा रहा है और विधायक को आपराधिक मामले में फंसाने की कोशिश हो रही है। हरदा ने कहा कि कांग्रेस हरीश धामी के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए इसकी निंदा की।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.









