देहरादून में जमीन के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी, फर्जी रजिस्ट्री कराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

देहरादून में जमीन के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी के मामले में राजपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। असली जमीन मालिक की जगह फर्जी व्यक्ति को खड़ा कर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर रजिस्ट्री कराने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

देहरादून में जमीन के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी

पुलिस के अनुसार 14 सितंबर को सहस्रधारा रोड निवासी करन शर्मा ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि संजय त्यागी और उसके साथियों ने जमीन बेचने के नाम पर उनके साथ धोखाधड़ी की। आरोपियों ने असली भूमि स्वामी के स्थान पर एक फर्जी व्यक्ति को खड़ा कर दिया और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए उनकी पत्नी के नाम जमीन की रजिस्ट्री करा दी। इस एवज में आरोपियों ने उनसे करोड़ों की रकम भी ले ली।

Advertisement

रकम वापस मांगने पर दी जान से मारने की धमकी

पीड़ित के मुताबिक जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और इसके बाद फरार हो गए। शिकायत के आधार पर राजपुर थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी कैमरों और मैन्युअल पुलिसिंग की मदद से जानकारी जुटाई। इसके बाद फरार चल रहे संजय त्यागी और परविंदर कुमार को आईटी पार्क के पिछले गेट के पास धोरण रोड से गिरफ्तार कर लिया गया।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, इस जमीन धोखाधड़ी में अन्य लोग भी शामिल हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.