उत्तराखंड की राजनीति में इन दिनों महिलाओं को दी जाने वाली सरकारी मदद को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। राज्य सरकार की बहुचर्चित ‘बैणी-भुली योजना’ पर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता हरीश रावत ने सीधा हमला बोला है। सोशल मीडिया के जरिए सरकार को घेरते हुए हरदा ने इस योजना को सिरे से खारिज कर दिया और इसे जनता को ठगने वाला एक ‘चुनावी उपहार’ करार दिया है।
दूसरी किस्त को अगली सरकार के भरोसे क्यों छोड़ा?
हरीश रावत ने तीखे शब्दों में कहा कि भाजपा चुनाव से पहले महिलाओं को आर्थिक मदद का झांसा देती है, लेकिन चुनाव खत्म होते ही हाथ खींच लेती है। उन्होंने पश्चिम बंगाल, बिहार और महाराष्ट्र का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि वहां भी चुनाव के बाद महिलाओं से आर्थिक मदद वापस ले ली गई। रावत के मुताबिक, बैणी-भुली कोई ठोस योजना नहीं बल्कि चुनाव से डरी हुई सरकार का महज एक बार का तोहफा है। उन्होंने सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि अगर वाकई महिलाओं का भला करना है, तो दूसरी किस्त का झुनझुना अगली सरकार पर छोड़ने के बजाय पूरी राशि अभी एक साथ दी जाए और इसमें बाकी छूटी हुई महिलाओं को भी शामिल किया जाए।
क्या होती है असली योजना? हरदा ने समझाई परिभाषा
सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि किसी भी काम को योजना तब कहा जाता है, जब उसका एक साफ लक्ष्य, तय समयसीमा और लागू करने की पक्की प्रक्रिया हो। बैणी-भुली में ऐसा कुछ भी नहीं है, यह सिर्फ एक चुनावी नारा बनकर रह गया है।
कांग्रेस को दिया ‘कुड़ी-बाड़ी’ और ‘शिक्षा प्रोत्साहन’ का सुझाव
सिर्फ आलोचना करने के बजाय हरीश रावत ने अपनी ही पार्टी (कांग्रेस) को भी एक बड़ा राजनीतिक होमवर्क दे दिया है। उन्होंने सुझाव दिया कि कांग्रेस को भाजपा की इस घोषणा के जवाब में 2022 के चुनाव वाली ‘कुड़ी-बाड़ी पेंशन योजना’ को फिर से आगे लाना चाहिए। पहाड़ में ‘कुड़ी’ का मतलब मकान और ‘बाड़ी’ का मतलब खेत होता है। इस योजना के तहत गांव में रहकर अपने घर और खेतों को आबाद रखने वाली महिलाओं को हर महीने एक तय पेंशन दी जानी चाहिए। रावत का मानना है कि जब खेतों में हल चलेगा, तो बारिश का पानी जमीन में जाएगा और पहाड़ के सूख चुके प्राकृतिक जलस्रोत (सींर और धारे) फिर से जिंदा हो उठेंगे। इससे पलायन रुकेगा और गांव ‘भूताहा’ होने से बचेंगे। हरदा ने सुझाव दिया कि शहरी महिलाओं के लिए ‘शिक्षा प्रोत्साहन योजना’ शुरू की जानी चाहिए, क्योंकि मां ही बच्चे की पहली गुरु होती है।
45 से 50 लाख महिलाओं को साधने की रणनीति
हरीश रावत का आकलन है कि अगर कांग्रेस इन दोनों योजनाओं को मिलाकर मैदान में उतरती है, तो इसका सीधा फायदा प्रदेश की करीब 45 से 50 लाख महिलाओं को मिलेगा। उन्होंने साफ किया कि वह यह सुझाव बंद कमरे में देने के बजाय सार्वजनिक कर रहे हैं, ताकि इस पर खुली बहस हो और कांग्रेस पार्टी उत्तराखंड की जनता के सामने एक मजबूत और भरोसेमंद रोडमैप रख सके। अब देखना यह होगा कि हरदा के इस सियासी दांव पर सत्तापक्ष क्या पलटवार करता है।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.









