उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत पुलिस ने नशा तस्करों और उनके नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 24 और 25 नवंबर को प्रदेशभर में चलाए गए दो दिवसीय विशेष अभियान ‘ऑपरेशन ट्रैक-7’ के दौरान पुलिस ने 76 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 69 मुकदमे दर्ज किए गए।
उत्तराखंड में नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा एक्शन
उत्तराखंड पुलिस ने प्रदेशभर में 181 पुलिस टीमों को लगाया गया था। टीमों ने 968 संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया और नशा तस्करी के 273 चिन्हित हॉटस्पॉट पर चेकिंग और छापेमारी की। अभियान के तहत देहरादून में सपेरा बस्ती, बिंदाल पुल और ऋषिकेश के गुमानीवाला, नैनीताल में गूलरभोज और गुल्लरघट्टी, कोटद्वार में कोड़िया बैरियर, टिहरी में मुनि की रेती और ऊधमसिंह नगर में भूरारानी व रम्पुरा जैसे संवेदनशील इलाकों में कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, अभियान के दौरान 450 ग्राम हेरोइन, 4.9 किलोग्राम चरस, 45 किलोग्राम गांजा, 1,510 नशीली टैबलेट और कैप्सूल के साथ अंग्रेजी शराब की 40 पेटियां बरामद की गईं। बरामद नशीले पदार्थों और शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.35 करोड़ रुपये बताई गई है। वहीं, एएनटीएफ और एसटीएफ ने व्यावसायिक मात्रा के मादक पदार्थों से जुड़े दो मामलों में कार्रवाई करते हुए 4.1 किलोग्राम चरस और 1,282 नशीली टैबलेट व कैप्सूल बरामद किए।
नशा तस्करों के नेटवर्क पर पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने नशा तस्करों के नेटवर्क पर भी कार्रवाई की है। दो आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई, जबकि पांच गैर-जमानती वारंट का निष्पादन किया गया। इसके अलावा 61 हिस्ट्रीशीट खोली गईं और मानस हेल्पलाइन 1933 पर मिली आठ शिकायतों का सत्यापन किया गया। अभियान के दौरान 1.3 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से उगाई गई मादक फसल को भी नष्ट किया गया।
पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक ndps एक्ट के तहत 1,340 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं और 1,601 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान करीब 62 करोड़ रुपये कीमत के मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही नशा तस्करी में बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले 16 लोगों के खिलाफ पीआईटीएनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
नशा तस्करों की 6.30 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त
नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्ति पर भी पुलिस ने कार्रवाई की है। वित्तीय जांच के जरिए तस्करों की संपत्तियों को चिह्नित कर करीब 6.30 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों और उनके संगठित नेटवर्क के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.









