उत्तराखंड में भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस का पखवाड़ेभर से चल रहा हस्ताक्षर अभियान गुरुवार को संविधान दिवस के मौके पर संविधान रक्षा मार्च के साथ समाप्त हुआ। प्रदेशभर से पहुंचे हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना और संविधान से जुड़ी तख्तियां हाथों में लेकर मार्च निकाला।
संविधान दिवस पर कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च
कार्यक्रम में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के साथ प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत कई नेता और कार्यकर्ता शामिल थे। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार के खिलाफ चलाए गए हस्ताक्षर अभियान और संविधान बचाओ-देश बचाओ अभियान में कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इससे पार्टी संगठन को मजबूती मिली है। नेताओं ने दावा किया कि प्रदेश की जनता का समर्थन कांग्रेस को मिल रहा है।
BJP पर लगाया संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करने का आरोप
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार केंद्रीय जांच एजेंसियों और संवैधानिक संस्थाओं का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए कर रही है। इससे देश के लोकतंत्र और संविधान की मूल भावना को नुकसान पहुंच रहा है। नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई लड़ रही है और पार्टी का हर कार्यकर्ता इस संघर्ष में साथ खड़ा है।
सरकार की नीतियों और भ्रष्टाचार से आम जनता परेशान: कांग्रेस
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संविधान देश के हर नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है। इसकी रक्षा करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों और भ्रष्टाचार से आम जनता परेशान है। कांग्रेस ने कहा कि वह जनता के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक आवाज उठाती रहेगी और संविधान व नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.









