सौंग और जमरानी बांध पर सख्ती: अब फाइलों में नहीं, जमीन पर दिखेगी रफ्तार

: उत्तराखंड की बड़ी जल परियोजनाओं—सौंग और जमरानी बांध—को लेकर प्रशासन ने अब कमर कस ली है। गुरुवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने इन दोनों परियोजनाओं की प्रगति की कड़ई से समीक्षा की। साफ संदेश दिया गया है कि काम की रफ्तार बढ़ाई जाए, तय समयसीमा में काम पूरा हो और हर स्तर पर गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। बैठक में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुन्दरम और डॉ. रणवीर सिंह चौहान समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

एसई स्तर के अधिकारी को प्रोजेक्ट मैनेजर का जिम्मा

अक्सर बड़ी परियोजनाओं में जिम्मेदारी बंटी होने के कारण तालमेल की कमी दिखती है। इसी को देखते हुए मुख्य सचिव ने निर्देश दिए हैं कि दोनों परियोजनाओं की निगरानी और समय पर काम कराने के लिए अधीक्षण अभियंता स्तर के अधिकारी को प्रोजेक्ट मैनेजर के तौर पर तैनात किया जाए। इससे काम का सीधा हिसाब-किताब हो सकेगा और अड़चनें तुरंत दूर होंगी। मुख्य सचिव ने निर्माण की गुणवत्ता पर खास जोर देते हुए कहा कि काम तेजी से हो, लेकिन मजबूती और मानकों के साथ पूरा तालमेल रहे। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि बांधों से बनने वाले जलाशयों और उनके आसपास के इलाकों को पर्यटन के लिहाज से विकसित करने की संभावनाओं पर भी काम किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को आगे चलकर नया रोजगार और कमाई का जरिया मिल सके।

Advertisement

जमरानी बांध: मार्च 2027 तक कॉफर डैम का लक्ष्य

जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने कॉफर डैम का काम हर हाल में मार्च 2027 तक पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काम की जमीनी हकीकत देखने के लिए नियमित रूप से फोटो और वीडियो ‘स्टेट प्रगति पोर्टल’ पर डाले जाएं। इसके अलावा, कंक्रीटिंग और खुदाई के काम को लेकर दिन-प्रतिदिन की समयसीमा वाला विस्तृत पीईआरटी चार्ट तैयार करने को कहा गया है, जिसे अगली उच्चाधिकार प्राप्त समिति (एचपीसी) की बैठक में रखा जाएगा। बैठक में बताया गया कि जमरानी बांध के काम की मौजूदा तस्वीर काफी आगे बढ़ चुकी है। दफ्तर, रहने के मकान, कॉलोनियां और सर्विस रोड का करीब 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।डायवर्जन टनल का 80 प्रतिशत और क्रशिंग, बैचिंग व मिक्सिंग प्लांट लगाने का 75 प्रतिशत काम हो गया है।कॉफर डैम का 50 प्रतिशत और नींव व एबटमेंट का 40 प्रतिशत काम पूरा है।21.25 किलोमीटर नई नहर बनाने और 40.82 किलोमीटर पुरानी नहर को दुरुस्त करने का काम 32.46 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। प्रभावित परिवारों को बसाने का 84 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है। योजना के मुताबिक, जमरानी बांध का निर्माण जून 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

सौंग बांध: पेयजल और पाइपलाइन पर बड़ा काम

सौंग बांध परियोजना को लेकर मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि तय लक्ष्य के अनुसार मार्च तक के काम पूरे किए जाएं। उन्होंने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की तैयारी पहले से मुकम्मल रखने को कहा। साथ ही, संशोधित लागत (रिवाइज्ड कॉस्ट) की मंजूरी एक ही बार में लेने के लिए जरूरी कागजी कार्रवाई समय पर पूरी करने और केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) सहित दूसरी एजेंसियों से मंजूरी व जांच की प्रक्रिया पहले ही निपटाने के निर्देश दिए, ताकि आगे चलकर काम न रुके। सौंग बांध को लेकरपर्यावरण, वन और तकनीकी मंजूरी नवंबर 2024 तक मिल चुकी हैं। वहीं मार्च 2024 में विशेष सहायता योजना (SASCI) के तहत 2,491.96 करोड़ रुपये की बाकी लागत को प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरी मिली थी।करीब 130.60 मीटर ऊंचे बांध के साथ 150 एमएलडी क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और लगभग 88 किलोमीटर लंबी फीडर मेन पाइपलाइन बनाई जानी है। मुख्य बांध का काम नवंबर 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में 88 करोड़, 2024-25 में 140 करोड़ और 2025-26 में 173 करोड़ रुपये पूरे खर्च किए जा चुके हैं। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी 39.60 करोड़ रुपये का पूरा इस्तेमाल हुआ है। हालांकि, इस साल के 30 प्रतिशत भौतिक लक्ष्य के मुकाबले अभी 21 प्रतिशत काम ही दर्ज हो पाया है, जिसे रफ्तार देने की जरूरत बताई गई है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.