हरिद्वार कुंभ-2027 में लगेगा 45 दिवसीय नेत्र चिकित्सा महाशिविर, डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की होगी जांच

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून के गवर्नमेंट दून मेडिकल कॉलेज के सभागार में आयोजित ‘नेत्र कुंभ-2027’ के शुभारंभ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस आयोजन के लिए ‘सक्षम’ संगठन और उसके सहयोगी संस्थानों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह पहल मानवीय सेवा और परोपकार की हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

महाशिविर में उपलब्ध कराई जाएंगी निशुल्क दवाएं

सीएम ने कहा कि हरिद्वार कुंभ-2027 के अवसर पर 12 जनवरी से 25 फरवरी तक आयोजित होने वाले 45 दिवसीय नेत्र चिकित्सा महाशिविर में डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की निशुल्क नेत्र जांच, एक लाख निःशुल्क चश्मों के वितरण तथा 10 हजार नेत्र ऑपरेशन का लक्ष्य रखा गया है। महाशिविर में निशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने आयोजन समिति को आश्वस्त किया कि इस अभियान की सफलता के लिए राज्य सरकार एवं कुंभ मेला प्रशासन द्वारा हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

Advertisement

सीएम ने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति में कुंभ आस्था, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का महापर्व होने के साथ ही सेवा, सहयोग और परोपकार का भी संदेश देता है। हमारी संस्कृति में नर सेवा को नारायण सेवा माना गया है। नेत्र कुंभ इसी सेवा भावना को साकार करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भी अनेक लोग आर्थिक अभाव एवं चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण समय पर अपनी आंखों की जांच और उपचार नहीं करा पाते हैं। ऐसे लोगों तक निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना अत्यंत सराहनीय कार्य है।

2019 में प्रयागराज कुंभ से प्रारंभ हुई थी सेवा यात्रा: CM

सीएम ने कहा कि नेत्र कुंभ की सेवा यात्रा वर्ष 2019 में प्रयागराज कुंभ से प्रारंभ हुई थी। इसके बाद हरिद्वार कुंभ, प्रयागराज महाकुंभ और राजस्थान के रामदेवरा में भी इसके आयोजन किए गए। इन शिविरों के माध्यम से लाखों लोगों की निशुल्क नेत्र जांच और हजारों लोगों के नेत्र ऑपरेशन किए गए हैं। हरिद्वार में नेत्र कुंभ-2027 के आयोजन से इस सेवा अभियान को और विस्तार मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी हरिद्वार कुंभ में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। राज्य सरकार कुंभ के भव्य, दिव्य एवं सुरक्षित आयोजन के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुगम यातायात एवं पैदल आवागमन की व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

सीएम ने कहा कि कुंभ में आने वाले हर श्रद्धालु को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। कुंभ के सफल आयोजन में सामाजिक संगठनों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों से नेत्र कुंभ के इस सेवा अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.