विकास के दावों की खुली पोल: 12 साल से सड़क बदहाल, बेटी की शादी के लिए पिता ने खुद संभाला मोर्चा

हर पिता का सपना होता है कि बेटी की शादी धूमधाम से हो। घर आंगन में खुशियां हों, रिश्तेदारों की चहल-पहल हो और बारात के स्वागत में कोई कमी न रह जाए। लेकिन उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में एक पिता की कहानी सरकारी व्यवस्था की बदहाली और जिम्मेदार विभागों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। यहां बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे एक पिता को हाथों में हल्दी और मेहंदी की खुशियों के बजाय फावड़ा और बेलचा उठाना पड़ा। वजह है गांव तक पहुंचने वाली बदहाल सड़क, जिसकी मरम्मत के लिए सरकारी मदद का इंतजार करते-करते वह थक गया।

सड़क बनाने के लिए बेलचा लेकर सड़क पर उतरे पिता

मामला पिथौरागढ़ जिले के मूनाकोट विकासखंड के गुरुमतोली गांव का है। गांव निवासी गोविंद जोशी की बेटी की शादी 30 नवंबर को होनी है। घर में मांगलिक कार्यक्रमों की तैयारियां चल रही हैं। एक पिता के लिए यह जिंदगी का सबसे भावुक और यादगार अवसर है, लेकिन इस खुशी के बीच उनके सामने एक ऐसी परेशानी खड़ी हो गई, जिसका समाधान प्रशासन और संबंधित विभाग को करना चाहिए था।

Advertisement

गांव तक पहुंचने वाली क्वीतड़-जमतड़ी सड़क की हालत इतनी खराब है कि कई जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। हालात यह हैं कि वाहनों का गुजरना तो दूर, कई स्थानों पर पैदल चलना भी मुश्किल है। ऐसे में बेटी की बारात और मेहमान गांव तक कैसे पहुंचेंगे, इसी चिंता ने पिता को खुद सड़क पर उतरने के लिए मजबूर कर दिया।

गणेश पूजन छोड़ मजदूर बने पिता

बीते शुक्रवार को जब घर में बेटी की शादी से जुड़े मांगलिक कार्यक्रम के तहत गणेश पूजा होनी थी, तब गोविंद जोशी ग्रामीणों के साथ सड़क की मरम्मत करने पहुंच गए। हाथों में फावड़ा और बेलचा लेकर उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर सड़क के गड्ढों में मिट्टी और मलबा भरा, ताकि कम से कम बारात और मेहमानों के आने-जाने लायक रास्ता तैयार हो सके।

सोचिए, जिस पिता को इन दिनों बेटी की शादी की खुशियों में व्यस्त होना चाहिए था, वह अपनी बेटी की बारात का रास्ता बनाने के लिए मजदूरी करने को मजबूर है। यह तस्वीर सिर्फ एक परिवार की परेशानी नहीं, बल्कि पहाड़ों में विकास के दावों और जमीनी हकीकत के बीच की खाई को भी दिखाती है।

JE ने नहीं उठाया फोन तो ग्रामीणों ने खुद संभाला मोर्चा

गोविंद जोशी के मुताबिक, उन्होंने सड़क की बदहाली को लेकर लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता (जेई) से संपर्क किया था। सड़क की मरम्मत के लिए जेसीबी भेजने की मांग भी की, लेकिन उनका कहना है कि जेई ने फोन तक नहीं उठाया। आखिरकार विभागीय मदद का इंतजार छोड़कर उन्हें ग्रामीणों के साथ खुद ही सड़क सुधारने के लिए उतरना पड़ा। गोविंद जोशी ने बताया कि सड़क की स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने कई बार विभाग से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन जब कोई मदद नहीं मिली तो ग्रामीणों के सहयोग से गड्ढों में मिट्टी और मलबा भरकर रास्ता ठीक करने का प्रयास किया।

12 साल से बदहाल सड़क, पांच हजार की आबादी परेशान

क्वीतड़-जमतड़ी सड़क करीब 10 किलोमीटर लंबी है और आसपास के गांवों की लगभग पांच हजार आबादी के आवागमन का प्रमुख मार्ग है। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क बनने के बाद से अब तक इसका समुचित डामरीकरण नहीं हुआ। बरसात और इस साल आई आपदा ने सड़क की हालत और खराब कर दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब 12 वर्षों से सड़क की बदहाली को लेकर लगातार शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ। सड़क की मांग को लेकर ग्रामीण चुनाव बहिष्कार तक कर चुके हैं, इसके बावजूद उनकी समस्या जस की तस बनी हुई है।

आखिर कब जागेगा प्रशासन?

यहां सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि बेटी की शादी में बारात किस रास्ते से पहुंचेगी। बड़ा सवाल यह है कि जिस सड़क पर पांच हजार लोगों की जिंदगी और रोजमर्रा का आवागमन निर्भर है, उसकी सुध लेने वाला विभाग आखिर कहां है?क्या किसी सड़क की मरम्मत के लिए ग्रामीणों को हर बार खुद ही फावड़ा-बेलचा उठाना पड़ेगा? क्या प्रशासन किसी हादसे या बड़ी परेशानी का इंतजार कर रहा है?

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.