विश्व मात्स्यिकी दिवस के मौके पर रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के अमरापुर घाट पर आयोजित एक खास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मत्स्य विभाग की ओर से रखे गए इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गंगा नदी में 10 हजार मत्स्य बीज (मछली के छोटे बच्चे) छोड़े। इस पहल का मुख्य मकसद गंगा में मछलियों की प्राकृतिक आबादी को बढ़ाना, पानी के भीतर के जीव-जंतुओं की सुरक्षा करना और नदी के पर्यावरण संतुलन को लेकर आम लोगों को जागरूक करना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मां गंगा सिर्फ हमारी आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक पहचान ही नहीं हैं, बल्कि यह अनमोल प्राकृतिक संसाधनों और जलीय जीवन का भी बड़ा आधार हैं। उन्होंने कहा कि गंगा को साफ-सुथरा रखना और इसके प्राकृतिक स्वरूप को बचाए रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। नदियों में रहने वाले जलीय जीवों और मछलियों की प्रजातियों को बचाना पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए बहुत जरूरी है।
नदियों में सही प्रजाति के मत्स्य बीज छोड़ना बड़ा कदम
सीएम धामी ने आगे बताया कि राज्य सरकार प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण को बचाने के लिए लगातार काम कर रही है। नदियों में सही प्रजाति के मत्स्य बीज छोड़ना इसी दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे न सिर्फ नदी का पारिस्थितिकी तंत्र मजबूत होगा, बल्कि भविष्य में मछली पालन और इससे जुड़े संसाधनों को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने इस बात पर खास जोर दिया कि पर्यावरण और नदियों को बचाने का काम सिर्फ सरकार के भरोसे नहीं हो सकता, इसके लिए समाज के हर व्यक्ति को आगे आना होगा। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे मां गंगा समेत राज्य की सभी नदियों को साफ रखें, पानी में गंदगी न फैलाएं और जलीय जीवों के प्राकृतिक ठिकानों को नुकसान न पहुंचने दें।
उन्होंने कहा कि हमारी नदियां और प्राकृतिक संपदा आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अनमोल विरासत हैं। हमें विकास के साथ-साथ पर्यावरण को बचाने का संतुलन भी बनाकर चलना होगा। जब सरकार और आम जनता मिलकर प्रयास करेंगे, तभी हम एक स्वच्छ, खुशहाल और सुरक्षित भविष्य बना पाएंगे।
इस कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, उप जिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा, सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा और पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर शिशुपाल सिंह नेगी समेत मत्स्य विभाग के कई अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.









