उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी संगठनात्मक और चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने के लक्ष्य के साथ पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति तैयार की है।
हर मोर्चे को एक लाख नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य
भाजपा ने इसी क्रम में शनिवार को हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में भाजपा की प्रदेश विस्तृत कार्यसमिति की बैठक से पहले संयुक्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठों की प्रदेश कार्यसमिति बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के सभी सात मोर्चों को एक-एक लाख नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य दिया गया। इसके तहत सदस्यता अभियान को प्रदेश स्तर से लेकर जिला, मंडल और बूथ स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
बैठक का उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राम माधव और प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने किया। इस दौरान प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन, बांसुरी स्वराज और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा भी मौजूद रहे। बैठक के प्रथम सत्र में सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों ने अपने वर्तमान कार्यक्रमों के साथ आगामी चुनावी गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की।
संतुष्ट होकर बैठने का समय नहीं है: भट्ट
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन को लेकर संतुष्ट होकर बैठने का समय नहीं है। हर मोर्चे को एक लाख से अधिक नए लोगों को पार्टी से जोड़ने के लिए काम करना होगा। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान को प्रदेश के साथ-साथ जिला, मंडल और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा। महिला, युवा, किसान, पिछड़े वर्ग और अनुसूचित जाति सहित समाज के हर वर्ग तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। भट्ट ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ को जीतने के लक्ष्य के साथ चुनावी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
भट्ट ने बताया कि दिसंबर के अंत तक सभी मोर्चों की मंडल कार्यसमिति की बैठकें पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही सामाजिक संवाद कार्यक्रमों के तहत नुक्कड़ सभाएं, महिला चौपाल और विभिन्न वर्गों के बीच संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और ओबीसी मोर्चा अपने-अपने समाज के बीच कार्यक्रमों की श्रृंखला चलाएंगे। वहीं किसान मोर्चा की ओर से गढ़वाल और कुमाऊं में दो बड़े किसान सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
जन आशीर्वाद यात्रा निकालेगी BJP
महेंद्र भट्ट ने बताया कि आगामी चुनाव को देखते हुए दिसंबर और जनवरी में होने वाले कार्यक्रमों का स्वरूप भी तय किया गया है। पार्टी जल्द ही जन आशीर्वाद यात्रा निकालेगी। इस यात्रा के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को लेकर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र तक पहुंचने की योजना है। इसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय नेताओं की सहभागिता भी रहेगी।
वहीं, प्रदेश सह प्रभारी एवं सांसद बांसुरी स्वराज ने बताया कि उत्तराखंड के 19 जिलों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के लिए दूसरे राज्यों से वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को जिला विस्तारक के रूप में बुलाया गया है। उन्हें जल्द ही जिलों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संगठनात्मक और राजनीतिक विषयों पर लगातार चर्चा की जा रही है।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.









