बद्रीनाथ धाम चढ़ावा चोरी प्रकरण: BKTC के निजी सचिव प्रमोद नौटियाल गिरफ्तार, एसआईटी कर रही गहन पूछताछ

ख़बर शेयर करें

बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित चोरी से जुड़े चर्चित प्रकरण में चमोली पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) के निजी सचिव प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उन्हें रविवार देर रात देहरादून स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को चमोली लाया गया, जहां मामले के विभिन्न पहलुओं को लेकर उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए प्रमोद नौटियाल ने नैनीताल उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। इस पर न्यायालय ने BKTC से जवाब तलब किया था तथा मामले की सुनवाई 16 जुलाई को न्यायमूर्ति आलोक मेहरा की अदालत में प्रस्तावित थी। हालांकि, सुनवाई से पहले ही एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को देहरादून से गिरफ्तार कर चमोली लाया गया है। वर्तमान में एसआईटी बद्रीनाथ धाम स्थित BKTC कार्यालय में दस्तावेजों, अभिलेखों एवं अन्य साक्ष्यों का परीक्षण कर रही है। मामले से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर आरोपी से गहन पूछताछ जारी है।

पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष एवं गहन तरीके से की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नियमानुसार आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।