उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज, गढ़ी कैंट में आयोजित समारोह में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका-2026 ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान’ का विमोचन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की विकास यात्रा, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों का जिक्र किया।
CM ने किया ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ पुस्तक का विमोचन
सीएम ने कहा कि उत्तराखंड का निर्माण लंबे संघर्ष और बलिदान का परिणाम है, जिसमें मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पृथक राज्य का सपना साकार हुआ। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड के निर्माण की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ केवल योजनाएं बनाना या आंकड़ों में उपलब्धियां दर्ज करना नहीं है, बल्कि इसका असर आमजन के जीवन में दिखाई देना चाहिए। गांव तक सड़क पहुंचने से स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच आसान होती है, बेहतर शिक्षा से बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर विकसित होने से पलायन की समस्या कम होती है।
सीएम ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां
सीएम ने प्रदेश में हो रहे आधारभूत ढांचे के विकास का उल्लेख करते हुए चारधाम ऑल वेदर रोड, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। साथ ही हवाई और हेली सेवाओं के विस्तार से दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होने की बात कही। स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में मेडिकल कॉलेजों के विस्तार, स्मार्ट क्लासरूम और आधुनिक सुविधाओं को लेकर किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।
सीएम धामी ने कहा कि G-20 बैठकों और 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन से उत्तराखण्ड को राष्ट्रीय और वैश्विक पहचान मिली है। मानसखंड मंदिर माला मिशन, शीतकालीन यात्रा और नए पर्यटन स्थलों के विकास से पर्यटन को सालभर रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसका लाभ स्थानीय लोगों, होमस्टे संचालकों और छोटे कारोबारियों तक पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है।
रिवर्स पलायन में दर्ज हुई 44 प्रतिशत की वृद्धि: CM
आर्थिक विकास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2025-26 के अनुमानों के अनुसार प्रदेश की अर्थव्यवस्था का आकार लगभग 3.82 लाख करोड़ है, जबकि वर्ष 2026-27 का बजट एक लाख 11 हजार करोड़ से अधिक है। उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों, किसानों, युवाओं और स्थानीय उद्यमियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया। सीएम ने प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज होने की बात कही। कार्यक्रम में महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से राज्य स्थापना दिवस पर भेजे गए शुभकामना संदेश का वाचन किया।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








