देहरादून में फिल्मी अंदाज में लूट: युवकों ने कार सवार के साथ मारपीट कर उड़ाए 14 लाख, 3 अरेस्ट

राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े हुई 14 लाख की लूट की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पटेलनगर क्षेत्र में इंद्रेश अस्पताल के पास हुई इस वारदात में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

देहरादून में दिनदहाड़े 14 लाख की लूट

पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर 2026 को राजेश कुमार सोनी निवासी हरिपुर कलां ने कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह प्लॉट के सौदे के सिलसिले में अपने परिचित दिनेश तिवारी से 14 लाख नकद लेने देहरादून आए थे। इसके बाद वह दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविंदर के साथ अपने वाहन से इंद्रेश अस्पताल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से एक्टिवा और बाइकों पर सवार होकर आए 4 से 5 युवकों ने उनके वाहन को रोककर मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने वाहन की पिछली सीट पर रखे नकदी से भरे बैग को लूट लिया और मौके से फरार हो गए।

3 आरोपी अरेस्ट

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कीं। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को अल्का डेयरी से मेहूवाला की ओर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से लूट के 1.50 लाख रुपये बरामद हुए।

पहले से थी 14 लाख की नकदी की जानकारी

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दिनेश तिवारी उनका परिचित था। उन्हें पहले से जानकारी थी कि वह प्लॉट के सौदे के सिलसिले में भारी नकदी लेकर कुछ लोगों से मिलने जा रहा है। इसी जानकारी के आधार पर आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और 7 नवंबर को इंद्रेश अस्पताल के पास वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी घटना के बाद फरार होने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी निवासी बिहारीगढ़, सहारनपुर, हाल निवासी देहराखास, जसमीत सिंह निवासी सुंदरपुर, सहारनपुर, हाल निवासी पटेलनगर और शक्ति सिंह निवासी राजपुर रोड, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस अब इस वारदात में शामिल चार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.