कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी दौरे के दौरान जनसभा स्थल के कथित शुद्धिकरण का मामला लगातार थमने का नाम नहीं ले रहा है। राहुल गांधी ने प्रेसवार्ता पर भाजपा पर दलितों का अपमान करने के गंभीर आरोप लगाए थे। जिसके बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई। भाजपा ने 7 सितम्बर को बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया है।
उत्तराखंड में नहीं थम रहा शुद्धिकरण मामले पर विवाद
बीते दिनों पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली में प्रेसवार्ता कर इस मामले को दलित अपमान और छुआछूत से जोड़ते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई। अब इस पूरे मामले पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ती रावत ने कांग्रेस पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया है।
झूठ की दुकान लेकर चलते हैं कांग्रेसी: BJP
दीप्ती रावत ने कहा कि कांग्रेस नेता मोहब्बत की नहीं बल्कि झूठ की दुकान लेकर चलते हैं, और अब उनकी झूठ की दुकान का पर्दाफाश हो गया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के ट्विटर अकाउंट पर किए गए फैक्ट चेक में आधे से ज्यादा तथ्य झूठे पाए गए हैं, जिससे कांग्रेस का चेहरा जनता के सामने बेनकाब हो रहा है।
BJP ने किया प्रदर्शन का ऐलान
प्रदेश महामंत्री ने ऐलान किया कि 7 सितम्बर को भाजपा का अनुसूचित मोर्चा समेत सभी मोर्चे हर जिला मुख्यालय पर कांग्रेस के खिलाफ बड़ा धरना देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सनातन को बांटने और तुष्टिकरण की राजनीति करती है, जबकि भाजपा का धरना समरसता और सौहार्द के संदेश के साथ होगा।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








