देहरादून के पटेलनगर में हुई लाखों की लूट मामले में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। पटेलनगर कोतवाली में तैनात एक सिपाही के वीडियो से पुलिस महकमे में मचे हड़कंप के बीच एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने कांस्टेबल प्रवीण कुमार को निलंबित कर दिया है।
SSP ने किया कांस्टेबल प्रवीण कुमार को सस्पेंड
बता दें प्रवीण कुमार ने वीडियो में सिद्धांत बडोनी के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किए जाने का दावा किया था। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई थी। सिपाही के दावों ने न केवल पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए, बल्कि पूरे प्रकरण को भी एक बार फिर चर्चा में ला दिया। वीडियो में सिपाही इंस्पेक्टर नरेश राठौर का जिक्र करते हुए उनसे जुड़े कुछ आरोप लगाता सुनाई दे रहा है।
SHO नरेश राठौर पर लगाए गंभीर
दरअसल, पटेलनगर क्षेत्र में 14 लाख की लूट के मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसी मामले में बजरंग दल कार्यकर्ता सिद्धांत बडोनी के साथ पुलिस की कथित कार्रवाई और व्यवहार को लेकर विवाद सामने आया था। बजरंग दल का आरोप है कि नरेश राठौर की ओर से बडोनी को जबरन फंसाया गया है। मामला उस समय और गरमा गया जब सिपाही का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में वह सिद्धांत के साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने की बात कहता नजर आया। इसके साथ ही उसने इंस्पेक्टर नरेश राठौर को लेकर भी गंभीर बातें कहीं।
https://twitter.com/KUttarakhand/status/2122625866488590528?a=SIUF2OUv4bPnl0rYeQg&s=20
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने किया था SSP कार्यालय के बाहर प्रदर्शन
वहीं, इस प्रकरण को लेकर बजरंग दल ने भी एसएसपी कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया था। संगठन ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए इंस्पेक्टर नरेश राठौर को पद से हटाने की मांग उठाई थी। प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई और पूरे घटनाक्रम को लेकर सवाल खड़े किए गए थे। अब वीडियो में दावा करने वाले कांस्टेबल प्रवीण कुमार को एसएसपी द्वारा निलंबित किए जाने के बाद मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। फिलहाल पूरे मामले की जांच एसएसपी ने SP ग्रामीण जाया बलूनी को सौंपी हुई है। मामले की जांच जारी है।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








