दलेर मेहंदी विवाद: ‘इस्तीफा दे दूंगा, लेकिन माफी नहीं मांगूंगा’, सुबोध उनियाल का दो टूक जवाब

उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल दलेर मेहंदी विवाद को लेकर एक बार फिर अपने बयान पर कायम नजर आए। एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने साफ कहा कि वह इस्तीफा दे सकते हैं, लेकिन माफी नहीं मांगेंगे। उनियाल ने कहा कि उनके लिए पद से ज्यादा आत्मसम्मान जरूरी है।

‘इस्तीफा दे दूंगा, लेकिन माफी नहीं मांगूंगा’: मंत्री

मंत्री सुबोध उनियाल एक बार फिर अपने बयान पर कायम नजर आ रहे हैं। एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने साफ कहा कि वह अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं, लेकिन माफी नहीं मांगेंगे। उनियाल ने कहा कि उनके लिए पद से ज्यादा आत्मसम्मान जरूरी है। यहां तक कि अगर हाईकमान भी उनसे माफी मांगने के लिए कहता है, तब भी वह माफी मांगने के बजाय इस्तीफा देना पसंद करेंगे।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के इस बयान से दलेर मेहंदी विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। उनियाल ने स्पष्ट कर दिया है कि वह इस मामले में अपने रुख से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि आत्मसम्मान से समझौता करके माफी मांगने का कोई सवाल नहीं है।

क्या है पूरा दलेर मेहंदी विवाद?

दरअसल, पूरा मामला टिहरी गढ़वाल में आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले से जुड़ा है। 18 अक्टूबर को मेले की सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी ने प्रस्तुति दी थी। इस दौरान मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच पर ही उनकी परफॉर्मेंस पर नाराजगी जताई थी। उनियाल ने आरोप लगाया था कि गायक ठीक से प्रस्तुति नहीं दे रहे थे, लिप-सिंक कर रहे थे और नशे की हालत में थे।

मंत्री की इस टिप्पणी के बाद विवाद बढ़ गया। दलेर मेहंदी के भाई और गायक मीका सिंह ने उनका समर्थन करते हुए सुबोध उनियाल से माफी मांगने की मांग की थी। मीका सिंह का कहना था कि दलेर मेहंदी की तबीयत ठीक नहीं थी और हाल ही में उनकी सर्जरी भी हुई थी। ऐसे में उनके साथ सार्वजनिक मंच पर इस तरह का व्यवहार उचित नहीं था।

सीएम धामी ने भी की थी मीका-दलेर से बात

विवाद बढ़ने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दलेर मेहंदी और मीका सिंह से बातचीत की थी। मीका सिंह ने बाद में बताया था कि मुख्यमंत्री ने मंत्री की ओर से माफी की पेशकश की थी। वहीं, मीका सिंह की टीम की ओर से भी दावा किया गया था कि सुबोध उनियाल ने फोन पर दलेर मेहंदी से माफी मांगी है।

हालांकि, सुबोध उनियाल ने इन दावों को खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा था कि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया है, जो माफी मांगें। अब एक बार फिर उन्होंने इस्तीफा देने की बात कहकर साफ कर दिया है कि वह इस मामले में माफी मांगने के लिए तैयार नहीं हैं।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.