उत्तराखंड में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के खिलाफ विपक्ष ने मोर्चा खोल दिया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशों और उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेश भर में राज्य सरकार द्वारा सरकारी जमीनों के कथित बंदरबांट के विरोध में 4 नवंबर सुबह 10.00 बजे से एक विशाल विरोध और जागरूकता अभियान “भूमि बचाओ-धामी हटाओ” आयोजित किया जा रहा है। इस राज्यव्यापी आंदोलन का संचालन करने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा सभी प्रमुख जनपदों और महानगरों में पार्टी के शीर्ष नेताओं और विधायकों को प्रभारी नियुक्त किया गया है।
प्रदेश महासचिव (संगठन) राजेंद्र सिंह भंडारी की ओर से जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, इस अभियान के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में प्रमुख सरकारी संपत्तियों और जमीनों के मुद्दों को उठाया जाएगा। कांग्रेस नेतृत्व का आरोप है कि राज्य सरकार द्वारा कीमती जमीनों की अनदेखी व निजी हाथों में सौंपने की नीतियां चल रही हैं, जिसके विरोध में 4 नवंबर को पूरे राज्य में जनता के बीच जाकर यह उग्र प्रदर्शन किया जाएगा
विभिन्न जिलों में वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी
- नैनीताल: पटवाडांगर की 13.64 एकड़ भूमि और ज्योलीकोट निरीक्षण भवन के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, सीडब्ल्यूसी सदस्य गुरदीप सप्पल और संबंधित जिलाध्यक्ष नेतृत्व करेंगे।
- अल्मोड़ा: अल्मोड़ा और कटारमल के निरीक्षण भवनों के मामले में विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल और जिलाध्यक्ष को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
- रानीखेत: चौबटिया उद्यान पार्क व रानीखेत निरीक्षण भवन से जुड़े विषय पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और जिलाध्यक्ष मोर्चा संभालेंगे।
- हल्द्वानी: रानीबाग स्थित एचएमटी की 53 एकड़ भूमि से जुड़े मुद्दे पर विधायक तिलकराज बेहड़, विधायक सुमित हृदयेश और महानगर अध्यक्ष के नेतृत्व में विरोध होगा।
- भीमताल: रामगढ़ की 15 एकड़ भूमि, रामगढ़ निरीक्षण भवन और रातीघाट कैंचीधाम निरीक्षण भवन के मुद्दे पर उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, विधायक आदेश चौहान और जिलाध्यक्ष को प्रभारी बनाया गया है।
- देहरादून (ऋषिकेश): ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल की विशाल 633 एकड़ भूमि के मुद्दे को लेकर प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत और जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष अभियान चलाएंगे।
- देहरादून (विकासनगर): डाकपत्थर की 180 एकड़ भूमि के संबंध में प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह एवं जिलाध्यक्ष को कमान सौंपी गई है।
- देहरादून (मसूरी): जॉर्ज एवरेस्ट एस्टेट (पार्क एस्टेट, हाथीपांव) की लगभग 142 एकड़ भूमि के प्रकरण पर पीसीसी अध्यक्ष गणेश गोदियाल और जिलाध्यक्ष अभियान का नेतृत्व करेंगे।
- टिहरी गढ़वाल: धनौल्टी की 247 एकड़ भूमि और कद्दूखाल निरीक्षण भवन के मुद्दे पर विधायक विक्रम सिंह नेगी, विधायक लखपत बुटोला और जिलाध्यक्ष मोर्चा संभालेंगे।
- हरिद्वार: हरकी पैड़ी स्थित अलकनंदा होटल के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, विधायक श्रीमती ममता राकेश, श्रीमती अनुपमा रावत, विधायक रवि बहादुर और जिलाध्यक्ष को जिम्मेदारी दी गई है।
- रानीपुर (हरिद्वार): सलेमपुर महमूद की 21 एकड़ भूमि के मामले में विधायक फुरकान अहमद, विधायक बीरेंद्र जाति और जिलाध्यक्षगण अभियान की अगुवाई करेंगे।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








