उत्तराखंड के किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का फायदा उन तक आसानी से पहुँचाने के लिए सहकारिता विभाग ने बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नवंबर महीने में राज्य के सभी 95 विकासखंडों (ब्लॉक्स) में बड़े स्तर पर ‘किसान ऋण मेले’ आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि इन मेलों का मुख्य मकसद ज्यादा से ज्यादा किसानों को सहकारी ऋण (लोन) सुविधाओं से जोड़ना और उन्हें विभागीय योजनाओं की जानकारी देना है।
22 अक्टूबर को फिर होगी तैयारियों की समीक्षा
सहकारिता मंत्री ने अधिकारियों को अभी से पूरी कार्ययोजना बनाने और समय पर काम पूरा करने को कहा है। उन्होंने सहकारिता सचिव को निर्देश दिए कि 22 अक्टूबर तक ऋण मेलों और अन्य विभागीय योजनाओं की तैयारियों की दोबारा समीक्षा की जाए। इससे पहले सचिव सभी संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरा होमवर्क चेक करेंगे, ताकि कोई कमी न रह जाए।
किसान समृद्धि कार्ड और सॉइल टेस्टिंग योजना का लिया जायजा
मंत्री ने किसान समृद्धि कार्ड बनाए जाने के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इफको टोकियो के जरिए सहकारी क्षेत्र में मिल रही बीमा सुविधाओं की स्थिति देखी और केंद्र सरकार की इस मिट्टी जांच योजना धरती माता सॉइल टेस्टिंग योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने सरकारी योजनाओं की जानकारी आम किसानों तक सही समय पर पहुँचाने पर जोर दिया गया।
केंद्र सरकार की बैठक के लिए एजेंडा तैयार करने के आदेश
डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि नवंबर महीने में ही भारत सरकार के केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय की एक बड़ी बैठक प्रस्तावित है। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि इस बैठक में राज्य का पक्ष मजबूती से रखने के लिए सभी प्रस्ताव, प्रगति रिपोर्ट और आंकड़े समय रहते व्यवस्थित तरीके से तैयार कर लिए जाएं।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








