नवरात्र में मां भगवती मंदिर में लगी आग!, मुख्य मंदिर को भारी नुकसान

शारदीय नवरात्र के बीच बागेश्वर के कपकोट ब्लॉक अंतर्गत दुर्गम इलाके बदियाकोट से दुखद खबर सामने आई है। मानसखंड से जुड़े बागेश्वर के मां भगवती मंदिर बदियाकोट में आग लग गई है। आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग से मंदिर के मुख्य हिस्से को नुकसान पहुंचने की सूचना है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

नवरात्र में मां भगवती मंदिर में लगी आग!

बागेश्वर के बदियाकोट स्थित मां भगवती मंदिर में आग लगने की घटना से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में मायूसी है। लकड़ी पर की गई बेहद खूबसूरत और बारीक नक्काशी से सुसज्जित ये मंदिर क्षेत्र की धार्मिक आस्था के साथ-साथ समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भी अनमोल प्रतीक था।

पहाड़ की प्राचीन कला और संस्कृति की पहचान

मंदिर की पारंपरिक स्थापत्य शैली पहाड़ की प्राचीन कला और संस्कृति की पहचान रही है। ऐसे में मंदिर में आग लगने की खबर ने लोगों को झकझोर दिया है। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान की वास्तविक स्थिति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। श्रद्धालु मां भगवती से सभी की रक्षा और इस संकट की घड़ी में कृपा बनाए रखने की प्रार्थना कर रहे हैं।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.