राजधानी देहरादून में आढ़त बाजार की शिफ्टिंग और इंदिरा मार्केट री-डेवलपमेंट (पुनर्विकास) का काम धीमा चलने पर समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि सभी औपचारिकताएं और रजिस्ट्री का काम जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि प्रोजेक्ट में और देरी न हो।
आढ़त बाजार शिफ्टिंग में देरी पर मंत्री नाराज
बुधवार को मंत्री खजान दास ने यमुना कॉलोनी स्थित अपने सरकारी आवास पर मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) के अधिकारियों के साथ एक अहम समीक्षा बैठक की। इस बैठक में उन्होंने आढ़त बाजार विस्थापन और इंदिरा मार्केट के निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
व्यापारियों की सहूलियत का रखें ध्यान
मंत्री खजान दास ने जोर देकर कहा कि विस्थापन का काम व्यापारियों की उम्मीदों और सहूलियत के हिसाब से ही होना चाहिए। उन्होंने बचे हुए एमओयू (MoU) को जल्द पूरा करने और साल 2013 की शर्तों के मुताबिक बाकी बचे व्यापारियों के लिए दुकानें मुहैया कराने के निर्देश भी दिए।
ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
गौरतलब है कि देहरादून के सहारनपुर चौक के पास आढ़त बाजार में अक्सर भारी जाम लगा रहता है। इस समस्या से निजात पाने के लिए सरकार ने बाजार के चौड़ीकरण को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत प्रभावित होने वाले व्यापारियों को आईएसबीटी (ISBT) के पास शिफ्ट किया जाना है।
पार्कों का होगा सौंदर्यीकरण
बैठक में एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बताया कि श्री शिवनाथ संस्कृत महाविद्यालय में जल्द ही अतिरिक्त क्लासरूम बनाए जाएंगे। साथ ही, शहर के अलग-अलग इलाकों के पार्कों का सौंदर्यीकरण कर वहां आम जनता के बैठने के लिए बेंच भी लगाई जाएंगी।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








