हरीश रावत की पोस्ट से गरमाई सियासत: रेखा आर्य पर ED-CBI जांच को लेकर उठाए सवाल

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच चल रहा विवाद अब राजनीतिक रंग लेता जा रहा है। पति की ओर से मंत्री पर 200 करोड़ से अधिक की कथित संपत्ति अर्जित करने के आरोप लगाए जाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता हरीश रावत ने इस मामले में केंद्रीय जांच एजेंसियों की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं।

हरीश रावत ने रेखा आर्य पर उठाए सवाल

हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है। हरदा ने कहा कि रेखा आर्य और उनके पति के बीच सामने आ रहे वीडियो और आरोप उत्तराखंड के लिए चिंता का विषय हैं। उन्होंने रेखा आर्य की ओर से पति पर लगाए गए आरोपों का जिक्र करते हुए पुलिस कार्रवाई की मांग की। वहीं, गिरधारी लाल साहू की ओर से मंत्री पर विभागीय भ्रष्टाचार और 200 करोड़ से अधिक की संपत्ति अर्जित करने के लगाए गए आरोपों को भी गंभीर बताया।

सीएम धामी से भी जवाब मांगने की बात

हरीश रावत ने पोस्ट में गिरधारी लाल साहू के उस दावे पर भी सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर मुख्यमंत्री से मिलकर मंत्री के विभाग में भ्रष्टाचार की जानकारी देने की बात कही थी। रावत ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री को ऐसी शिकायत दी गई थी, तो यह स्पष्ट होना चाहिए कि उस पर क्या कार्रवाई हुई। यदि शिकायत दिए जाने का दावा सही नहीं है, तो उसका खंडन किया जाना चाहिए।

केंद्रीय एजेंसियों की निष्पक्षता पर उठाया सवाल

हरदा ने कहा कि गिरधारी लाल साहू की ओर से लगाए गए संपत्ति संबंधी आरोपों की जांच होनी चाहिए और संपत्ति के स्रोतों का पता लगाया जाना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ऐसे आरोपों की जांच नहीं होती, तो क्या इससे यह धारणा मजबूत नहीं होगी कि ED, CBI और आयकर विभाग जैसी एजेंसियों की कार्रवाई विपक्षी नेताओं तक सीमित है? रावत ने अपनी राजनीतिक यात्रा का उदाहरण देते हुए कहा कि लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन और महत्वपूर्ण पदों पर रहने वाले व्यक्ति की संपत्ति के स्रोतों का हिसाब होना चाहिए। इसी आधार पर उन्होंने रेखा आर्य के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच की मांग उठाई।

व्यक्तिगत विवाद से सरकार पर राजनीतिक दबाव तक

रेखा आर्य और गिरधारी लाल साहू के बीच आरोप-प्रत्यारोप का मामला अब केवल पारिवारिक विवाद तक सीमित नहीं रह गया है। एक ओर मंत्री ने अपने पति के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, वहीं दूसरी ओर साहू ने मंत्री पर कथित भ्रष्टाचार और संपत्ति को लेकर सवाल उठाए हैं। रेखा आर्य ने अपने पति के आरोपों को निराधार बताया है और जांच के लिए तैयार होने की बात कही है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.