रायवाला हिट एंड रन केस खुलासा: 2 को टक्कर मारने के बाद एक का शव गंगा में फेंका, 2 गिरफ्तार – Khabar Uttarakhand

ख़बर शेयर करें

रायवाला हिट एंड रन केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सड़क दुर्घटना में दो व्यक्तियों की मृत्यु करने करने वाले आरोपी और उसके मौसेरे भाई को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताते चलें कि आरोपी ने अपनी गाड़ी से सड़क पर चल रहे दो व्यक्तियों को टक्कर मारी थी। जिसमें इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी।

तो वहीं सबूत छिपाने के लिए दूसरे व्यक्ति के शव को आरोपी और उसके मौसेरे भाई ने गंगनहर में फेक दिया था। घटना के बाद दुर्घटना में मृत दूसरे व्यक्ति के परिवार वालों ने रायवाला थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गुमशुदगी और दुर्घटना की कड़ी को जोड़ते हुए दून पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

पुलिस को मिली व्यक्ति के लापता होने की शिकायत

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई को हरियाणा निवासी दीपक राठी ने अपने पिता प्रदीप राठी के लापता होने की शिकायत रायवाला थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

गुमशुदा व्यक्ति की तलाश के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा रायवाला थाने के आस-पास व आने जाने वाले मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। साथ ही आस पास के क्षेत्र में लोगो से गुमशुदा के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।

जांच में रायवाला हिट एंड रन केस का पता चला

इस दौरान पता चला कि 26 जुलाई को सुबह करीब साढ़े पांच बजे के आस पास रायवाला में वन डिपो के पास एक अज्ञात वाहन ने दो व्यक्तियों को टक्कर मारी थी। इस हादसे में राजस्थान निवासी सत्यनारायण की इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जबकि दूसरे घायल की पहचान नहीं हो सकी थी।

पुलिस ने जोड़ी कड़ी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले

पुलिस ने घटना की सीसीटीवी फुटेज गुमशुदा के परिजनों को दिखाई। जिसमें परिवार ने दूसरे व्यक्ति की पहचान गुमशुदा प्रदीप राठी के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलास शुरू की। आसपास के कैमरें खंगाले गए।

वाहन चालक को हिरासत में लिया, गुनाह किया कबूल

जांच के आधार पर पुलिस ने वाहन चालक रविन्द्र सिंह नेगी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। सख्ती से पूछने पर उसने अपना गुनाह कबूल किया। उसने बताया कि 26 जुलाई की सुबह उसे अचानक झपकी आ गई थी। जिससे उसकी मैक्स से दो कांवड़ियों को टक्कर लग गई थी। जिसमें एक कांवड़िया वहीं पर गिर गया। तो वहीं दूसरा कांवड़िया उसकी गाड़ी में फंसकर कुछ दूर आगे तक घसीटता हुआ चला गया था।

2 को टक्कर मारने के बाद एक का शव गंगा में फेंका

आरोपी के मुताबिक वो घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहा था। लेकिन लेकिन रास्ते में उसे महसूस हुआ कि उस व्यक्ति की मृत्यु हो गई है। जिस पर घबराकर उसने अपने मौसेरे भाई सौरभ सिंह पंवार को बुलाया। दोनों ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई।

दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार

मौका देखकर शव को आसफनगर झाल के आगे सुनसान जगह पर गंगनहर में फेंक दिया। एक अगस्त को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही मैक्स वाहन को भी कब्जे में लिया गया। फिलहाल शव की तलाश अभी भी जारी है।