हरिद्वार के गुरुकुल कांगड़ी विवि में बवाल: कर्मचारियों ने रजिस्ट्रार को जमीन पर गिराकर पीटा

ऐतिहासिक नगरी हरिद्वार स्थित प्रतिष्ठित गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विश्वविद्यालय परिसर में ही उच्च पदस्थ अधिकारी पर जानलेवा हमला कर दिया गया। कुलपति कार्यालय के ठीक बाहर उग्र कर्मचारियों ने कुलसचिव (रजिस्ट्रार) प्रो. सत्यदेव निगमालंकार को जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीट दिया। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे विश्वविद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई और तनाव का माहौल बन गया।

15 दिनों का धरना बीती रात ही हुआ था खत्म

मिली जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय में पिछले करीब 15 दिनों से सफाई कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठे हुए थे। बाद में शिक्षेत्तर कर्मचारी संघ से जुड़े कर्मचारी भी इस आंदोलन के समर्थन में उतर आए थे। लंबे समय से चल रहा यह गतिरोध शुक्रवार देर रात ही दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति और समझौते के बाद समाप्त हुआ था। सब कुछ सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन शनिवार सुबह स्थिति अचानक विस्फोटक हो गई।

समझौते के कुछ ही घंटों बाद भड़का विवाद

शनिवार सुबह जब कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार कार्यालय पहुंचे, तो किसी बात को लेकर कर्मचारियों और उनके बीच बहस छिड़ गई। देखते ही देखते मामूली विवाद ने उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि आक्रोशित कर्मचारियों ने आपा खो दिया और कुलसचिव को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया तथा उनके साथ सरेआम मारपीट की।

कुलपति पहुंचीं मौके पर, कराया गया मेडिकल

घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा तुरंत मौके पर पहुंचीं। उन्होंने स्थिति को संभाला और घायल कुलसचिव को लेकर सीधे कनखल कोतवाली पहुंचीं। घटना के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। घायल कुलसचिव को तुरंत मेडिकल जांच और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। दूसरी ओर, कर्मचारी यूनियन से जुड़े लोग भी अपनी बात रखने और मेडिकल कराने के लिए अस्पताल पहुंचे हैं।

जांच में जुटी पुलिस, CCTV से खुलेगा राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुट गई है। कनखल कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही कुलसचिव को मेडिकल के लिए भेजा गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर (शिकायत) प्राप्त नहीं हुई है। मामले की तहकीकात की जा रही है और पूछताछ के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल प्राथमिकता घायल कुलसचिव के उपचार और मेडिकल कीः कुलपति

गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता कहा- “कुछ कर्मचारियों द्वारा कुलसचिव के साथ मारपीट की बात सामने आई है, हालांकि घटना के वक्त मैं मौके पर मौजूद नहीं थी। परिसर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी ताकि सच सामने आ सके। फिलहाल प्राथमिकता घायल कुलसचिव के उपचार और मेडिकल की है।” कुल मिलाकर विश्वविद्यालय के इतने बड़े प्रशासनिक अधिकारी पर परिसर के भीतर हुए इस हमले से शैक्षणिक गलियारों में गहरा रोष है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज पर टिकी हैं।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.