पोखड़ा में सतपाल महाराज का बड़ा ऐलान, 40 गांवों की पेयजल समस्या होगी दूर

चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में सड़क, सिंचाई, पेयजल, पर्यटन, पंचायतों के सुदृढ़ीकरण और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। पीएम मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में क्षेत्र में कई लोक कल्याणकारी योजनाओं पर काम चल रहा है। यह बात कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने बुधवार को अपने क्षेत्र भ्रमण के दूसरे दिन पोखड़ा में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर के दौरान कही।

29.83 करोड़ की पेयजल योजना से 40 गांवों को मिलेगा लाभ: महाराज

सतपाल महाराज ने कहा कि पोखड़ा विकासखंड में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि दूरस्थ कोला क्षेत्र में लंबे समय से लंबित बरसूण्ड देवता ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना के लिए 29 करोड़ 83 लाख रुपये स्वीकृत कराए गए हैं। इस योजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र के करीब 40 छोटे-बड़े गांवों और तोकों के लोगों को पेयजल सुविधा का लाभ मिलेगा।

सड़कों और पेयजल योजनाओं पर भी जोर

मंत्री ने बताया कि कोला-1 और कोला-2 को मोटर मार्ग से जोड़ने के लिए 31 लाख 51 हजार रुपये स्वीकृत किए गए थे और यह कार्य पूरा हो चुका है। वहीं बिजोरापानी से कुञ्जखाल तक आवश्यक स्थानों पर 56 लाख रुपये की लागत से मोटर मार्ग का नवीनीकरण कराया गया है। उन्होंने कहा कि विधायक निधि से क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में करीब एक करोड़ की लागत से विभिन्न विकास कार्य पूरे कराए गए हैं। इसके अलावा स्कूल भवनों, सौर ऊर्जा और जल जीवन मिशन के तहत हर ग्राम सभा में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 10 करोड़ से अधिक के कार्य किए जा चुके हैं।

बहुउद्देशीय शिविर में सुनीं लोगों की समस्याएं

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में सतपाल महाराज ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने विकासखंड पोखड़ा में 2 करोड़ 75 लाख 63 हजार की लागत से निर्मित बिजोरापानी-कुंज खाल-कोलाखाल-जयकोट मार्ग के 8 किमी ग्राम से चिनवाड़ी तक ग्रामीण मोटर मार्ग का लोकार्पण भी किया।

लाभार्थियों को बांटे चेक

कार्यक्रम के दौरान सतपाल महाराज ने सेवा संकल्प अभियान के तहत अपने निवास स्थान विकासखंड पोखड़ा के सेड़ियाखाल में मुख्यमंत्री कोष से लाभार्थियों को चेक वितरित किए। इसके साथ ही उन्होंने एबीवीपी के युवाओं को भी सम्मानित किया। महाराज ने कहा कि क्षेत्र के दूरस्थ इलाकों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और इसी दिशा में सड़क, पेयजल तथा अन्य विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.