एलटी शिक्षकों की वरिष्ठता सूची होगी सार्वजनिक

वरिष्ठता सूची (सीनियरिटी लिस्ट) को लेकर शिक्षकों का लंबा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। शिक्षा महानिदेशक ने निदेशक शिक्षा को निर्देश दिए हैं कि एलटी शिक्षकों की अंतिम वरिष्ठता सूची जल्द से जल्द तैयार कर विभागीय पोर्टल पर अपलोड की जाए। शुक्रवार को शिक्षा महानिदेशक आकांशा कोंडे की अध्यक्षता में राजकीय शिक्षक संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।

बैठक में कुमाऊं और गढ़वाल मंडल कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया और प्रदेश भर के सरकारी शिक्षकों से जुड़े आठ मुद्दों को महानिदेशक के सामने उठाया। उन्होंने कहा क्यों कि कोर्ट के सभी मामले अब समाप्त हो चुके हैं, इसलिए विभाग वरिष्ठता सूची जल्द जारी करे। शिक्षा महानिदेशक ने कुछ पुरानी मांगों पर मौके पर ही तुरंत फैसला लेते हुए राहत दी। इस अहम बैठक में कुमाऊं मंडल के मंडलीय अध्यक्ष डॉ. रविशंकर गुसाईं, देहरादून के जिलाध्यक्ष सुभाष झड़ियाल और प्रांतीय संरक्षक लक्ष्मण सजवाण मुख्य रूप से मौजूद रहे।

एलटी से प्रवक्ता पदोन्नति का रास्ता साफ करने की मांग

संगठन ने महानिदेशक को याद दिलाया कि बीते 24 अगस्त 2026 को शिक्षा सचिव के साथ हुई बैठक में एलटी से प्रवक्ता पदोन्नति के लिए TET (शिक्षक पात्रता परीक्षा) की अनिवार्यता को लेकर विधि एवं न्याय सचिव से राय मांगी गई थी। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी वहां से कोई जवाब नहीं आया है। संघ ने मांग की कि विभाग अपनी तरफ से तेजी दिखाते हुए पदोन्नति की प्रक्रिया को आगे बढ़ाए और जल्द से जल्द उत्तराखंड लोक सेवा आयोग को पदोन्नति का अधियाचन भेजे।

99 शिक्षकों को मिलेगा पारस्परिक अंतरमंडलीय तबादले का लाभ

लंबे ठहराव और एक मंडल से दूसरे मंडल में तबादलों की राह देख रहे शिक्षकों के लिए भी अच्छी खबर है। महानिदेशक ने बताया कि शिक्षकों के अंतरमंडलीय पारस्परिक (म्यूचुअल) स्थानांतरण की व्यवस्था के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। इसके लागू होते ही 99 अंतरमंडलीय शिक्षकों को पारस्परिक तबादले का सीधा फायदा मिलेगा।

अर्धवार्षिक परीक्षा का समय स्कूल टाइम के मुताबिक ही रहेगा

28 अक्टूबर से स्कूलों में शुरू होने जा रही अर्धवार्षिक परीक्षाओं की समय सारणी पर संघ ने आपत्ति जताई थी। संघ की मांग थी कि परीक्षाएं स्कूल के नियमित समय पर ही कराई जाएं। इस पर महानिदेशक ने निदेशक को निर्देश दिया कि पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा का समय तय किया जाए। जल्द ही इसके लिखित आदेश जारी कर दिए जाएंगे।

वेतन विसंगति का जल्द होगा निपटारा

अलग-अलग जिलों में कनिष्ठ-वरिष्ठ (जूनियर-सीनियर) वेतन विसंगति को लेकर अलग-अलग नियम चल रहे थे, जिससे शिक्षकों में भारी भ्रम और असंतोष था। महानिदेशक ने पूरे प्रदेश में इसमें एकरूपता और समानता लाने के लिए निदेशक को तत्काल जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

गैर-जरूरी मोबाइल ऐप्स के झंझट से मिलेगी मुक्ति

आजकल शिक्षकों को पढ़ाई के अलावा तमाम तरह की एप्लिकेशनों के जरिए ट्रेनिंग देने के निर्देश दिए जा रहे थे, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। इस पर महानिदेशक ने संघ से ऐसे सभी ऐप्स की सूची मांगी है। उन्होंने साफ किया कि केंद्र सरकार की तरफ से जो ऐप्स अनिवार्य हैं, केवल वही रहेंगे; बाकी सभी गैर-जरूरी ऐप्स का बोझ शिक्षकों के सिर से हटा दिया जाएगा।

नए हाईस्कूलों में नियुक्त होंगे पीटीआई

हाल ही में उच्चीकृत (अपग्रेड) हुए नए विद्यालयों में व्यायाम शिक्षक (Physical Education) के पद न होने का मुद्दा भी उठा। महानिदेशक ने सहमति जताते हुए कहा कि बच्चों के शारीरिक विकास के लिए यह पद बेहद जरूरी है, और इसके पद सृजन के लिए शासन को जल्द प्रस्ताव भेजा जाएगा।

कला और संगीत जैसे विषयों के अंक भी जुड़ेंगे मार्कशीट में

हाईस्कूल स्तर पर कला, संगीत और अन्य वैकल्पिक विषयों के अंक फाइनल रिजल्ट और मूल्यांकन में न जुड़ने से छात्रों और शिक्षकों में इन विषयों के प्रति उदासीनता आ रही थी। महानिदेशक ने कहा कि छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए यह विषय बेहद जरूरी हैं। इस विषय पर विभागीय अधिकारियों संग बैठक कर जल्द सकारात्मक फैसला लिया जाएगा ताकि छात्रों की रुचि बनी रहे।

वर्षों से अटकी पदोन्नति पर महानिदेशक ने जताई चिंता

बैठक के अंत में महानिदेशक ने राजकीय शिक्षक संघ को कल निदेशक के साथ अगले दौर की वार्ता के लिए कहा है। साथ ही उन्होंने सलाह दी कि संघ पदोन्नति के मामले में खुद भी विधि एवं न्याय सचिव से मुलाकात करे। वर्षों से शिक्षकों की पदोन्नति न हो पाने पर उन्होंने गहरी चिंता व्यक्त की और कहा कि पदोन्नति से जुड़े जितने भी कोर्ट केस हैं, उनका बारीकी से अध्ययन किया जाएगा।महानिदेशक ने यह भरोसा भी दिलाया कि इस मामले का हल निकालने के लिए विभागीय अधिकारियों, संघ और कोर्ट में याचिका लगाने वाले (याची) शिक्षकों को एक साथ एक ही टेबल पर बैठाकर बैठक बुलाई जाएगी, ताकि सर्वसम्मति से रास्ता निकाला जा सके।

चुनाव से पहले पदोन्नति सूची जारी कराने की कवायद

राजकीय शिक्षक संघ का कहना है कि जिस सकारात्मकता और संवेदनशीलता के साथ शिक्षा महानिदेशक ने आज शिक्षकों की समस्याओं को सुना है, वह पूरे प्रदेश के शिक्षक समाज के लिए एक बहुत अच्छा और शुभ संकेत है। संगठन का साफ कहना है कि वह एलटी से प्रवक्ता पदोन्नति के लिए शासन, सरकार और विभाग के साथ लगातार संपर्क में है। संघ की कोशिश है कि प्रदेश में आगामी चुनावों की घोषणा से पहले हर हाल में पदोन्नति सूची जारी करवा दी जाए।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.