देहरादून के घंटाघर के पास बाबा क्लॉथ की दुकान के मालिक और उसके सहयोगियों पर सिटी बस चालक के साथ जमकर मारपीट कर कर दी जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है जबकि मारपीट की यह घटना बस में लगे सीसीटीवी में भी कैद हो गई है।
दुकान मालिक सिटी बस चालक पर दुकान के बाहर बस लगाने से नाराज था जिसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चालक की पिटाई कर दी। वहीं घटना के बाद देहरादून महानगर सिटी बस सेवा सोसायटी ने मामले में पुलिस से आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है और साथ ही कार्रवाई न होने पर हड़ताल की भी चेतावनी दी है।
बस चालक के साथ मारपीट का आरोप
सिटी बस सेवा सोसायटी की तरफ से एसएसपी को दिए गए शिकायती पत्र में बताया गया कि 18 नवंबर को दोपहर करीब साढ़े 3 बजे घंटाघर के पास बाबा क्लॉथ दुकान के मालिक और उसके 8 से 10 सहयोगियों ने सिटी बस में बैठे चालक मुकेश कुमार के साथ कथित रूप से सामूहिक मारपीट की और यह घटना बस में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। मारपीट के बाद घायल चालक का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। यूनियन ने सीसीटीवी फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
सड़क पर कब्जा कर बसें रोकने का आरोप
यूनियन ने दुकानदार पर सार्वजनिक सड़क पर निजी अधिकार जताने और सिटी बसों समेत अन्य वाहनों को वहां रुकने से रोकने का आरोप भी लगाया है। शिकायत के अनुसार दुकान पर आने वाले ग्राहकों के वाहनों को सड़क पर खड़ा होने दिया जाता है जबकि सिटी बसों और अन्य वाहनों को वहां खड़ा नहीं होने दिया जाता। विरोध करने पर बस चालकों के साथ अभद्र व्यवहार और धमकियां देने की शिकायत भी की गई है। यूनियन ने यातायात नियमों के अनुसार सार्वजनिक मार्ग को निर्बाध और सुरक्षित रखने की मांग की है।
दुकान के निर्माण और जमीन की वैधता की भी शिकायत
शिकायत में दुकान के निर्माण को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। यूनियन का आरोप है कि दुकान मुख्य सड़क से सटी मंदिर की भूमि पर टीन शेड के अंतर्गत बनी हुई है। इसके निर्माण का मानचित्र मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) से स्वीकृत होने और भूमि के वैध व्यावसायिक उपयोग को लेकर संदेह जताया गया है। यूनियन ने एमडीडीए और राजस्व विभाग से भूमि, स्वीकृत मानचित्र और निर्माण की वैधता की जांच कराने की मांग की है। अनधिकृत निर्माण या अतिक्रमण मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया है।
पहले की घटनाओं की जांच की भी मांग
यूनियन ने शिकायत में कहा है कि सिटी बस चालकों के साथ पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। इससे वाहन चालकों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। संगठन ने पूर्व में हुई ऐसी घटनाओं की भी जांच कराने और सार्वजनिक सड़क पर वाहनों के आवागमन में बाधा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के साथ घटना की सीसीटीवी फुटेज, घायल चालक मुकेश कुमार की मेडिकल रिपोर्ट, संबंधित दुकान का छायाचित्र और अन्य उपलब्ध साक्ष्य भी पुलिस को भेजे गए हैं।
यूनियन अध्यक्ष ने निष्पक्ष जांच की मांग की
देहरादून महानगर सिटी बस सेवा सोसायटी के अध्यक्ष विजय वर्धन डंडरियाल ने कहा कि सिटी बसें आम जनता को परिवहन सुविधा उपलब्ध कराती हैं और इनके संचालन के लिए निर्धारित रोड टैक्स समेत अन्य वैधानिक शुल्क जमा किए जाते हैं।
ऐसे में बस चालकों के साथ मारपीट और सार्वजनिक सड़क के इस्तेमाल में अनधिकृत हस्तक्षेप गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और एमडीडीए व राजस्व विभाग से दुकान के निर्माण और भूमि की वैधता की जांच कराने की मांग की गई है जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हो।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








