चिन्यालीसौड़ के ‘हिमालयन भोजनालय’ से चमक रही महिलाओं की किस्मत, CS ने किया उद्घाटन

पहाड़ों की वादियों में अब महिलाओं की मेहनत और हुनर की खुशबू भी लोगों को अपनी ओर खींच रही है। गंगोत्री हाईवे पर चिन्यालीसौड़ के नगुण बैरियर के पास शुरू हुए ‘हिमालयन भोजनालय’ ने यह साबित कर दिया है कि सही मौका और थोड़ा सा सहारा मिले, तो महिलाएं घर की दहलीज लांघकर कारोबार की दुनिया में भी बड़ा नाम कमा सकती हैं। शुक्रवार को उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने रीप परियोजना के तहत बने इस वे-साइड ईटरी का उद्घाटन किया और वहां काम कर रही महिलाओं से सीधे बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया।उद्घाटन के मौके पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि सरकार का पूरा जोर महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर है। स्वयं सहायता समूहों के जरिए उन्हें स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है, ताकि वे अपनी कमाई बढ़ा सकें और आत्मनिर्भर बनें।

भोजनालय को चलाने की जिम्मेदारी ‘सीता स्वयं सहायता समूह’ की

इस भोजनालय को चलाने की जिम्मेदारी ‘सीता स्वयं सहायता समूह’ की महिलाओं ने संभाली है। मुख्य सचिव ने जब महिलाओं से उनके कामकाज और कमाई के बारे में पूछा, तो उनके चेहरों पर आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। महिलाओं ने बताया कि यह जगह गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर है और पास ही पुलिस बैरियर भी है। इस वजह से यहां से गुजरने वाले यात्री और वाहन चालक अक्सर रुकते हैं और गरमागरम खाने का लुत्फ उठाते हैं। इसके अलावा, भोजनालय के पास ही एक पार्क है, जहां शाम के वक्त टहलने आने वाले स्थानीय लोग भी परिवार के साथ नाश्ते और खाने के लिए पहुंचते हैं। यात्रियों और स्थानीय लोगों की इस आवाजाही से महिलाओं की अच्छी कमाई हो रही है।

इस मुकाम को हासिल करने में रीप परियोजना ने की राह आसान

महिलाओं के लिए इस मुकाम तक पहुंचने का सफर आसान नहीं था, लेकिन रीप परियोजना ने उनकी राह आसान कर दी। समूह की सदस्यों ने बताया कि इस भोजनालय को शुरू करने में रीप परियोजना से काफी मदद मिली। परियोजना के सहयोग और बैंक से मिले लोन के सहारे उन्होंने अपना काम खड़ा किया। अब हालात ऐसे हैं कि भोजनालय में आने वाले ग्राहकों के अलावा उन्हें बड़े कार्यक्रमों और खास मौकों के लिए भी खाने के ऑर्डर मिलने लगे हैं, जिन्हें वे पूरी तैयारी के साथ पूरा कर रही हैं। महिलाओं ने सरकार और रीप परियोजना का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस काम ने उन्हें न सिर्फ रोजगार दिया, बल्कि अपने पैरों पर खड़ा होने का भरोसा भी दिलाया है।

पूरे प्रदेश में इस तरह के वे-साइड ईटरी तैयार किए जा रहे

रीप के परियोजना प्रबंधक ने जानकारी दी कि पूरे प्रदेश में इस तरह के वे-साइड ईटरी तैयार किए जा रहे हैं, ताकि हर जगह एक जैसी पहचान के साथ ‘हिमालयन भोजनालय’ चल सकें। इसका मकसद सफर करने वालों को घर जैसा पारंपरिक और स्थानीय स्वाद देना है, साथ ही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को पक्का रोजगार देकर उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना है। जिला प्रशासन भी ऐसे कामों को आगे बढ़ाने के लिए सही जगह उपलब्ध कराने में मदद कर रहा है। इस दौरान जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, सीडीओ राहुल आनंद, डीडीओ वेद प्रकाश, डीपीएम रीप कपिल उपाध्याय समेत कई अधिकारी और समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.