सिंगर दलेर मेहंदी का विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। उत्तराखंड में परफॉर्म करने आए सिंगर और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का विवाद अब बढ़ता नजर आ रहा है। बॉलीवुड से कई सेलेब्स दलेर मेहंदी के सपोर्ट में आए। इसी बीच अब सिंगर मीका सिंह भी उनके सपोर्ट में उतर आए हैं।
उत्तराखंड में दलेर मेहंदी और सुबोध उनियाल का विवाद
सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर उन्होंने अपनी बात रखी। उन्होंने मंत्री से दलेर को 35 लाख रुपए दिए जाने के दावे का सबूत मांगा है। इसके अलावा उन्होंने सुबोध उनियाल से दलेर पर शराब पीकर परफॉर्म करने का आरोप लगाने और स्टेज पर उनके साथ किए गए व्यवहार के लिए माफी मांगने को कहा है।
सुबोध उनियाल ने सिंगर पर शराब पीकर गाने का लगाया आरोप
दरअसल ये पूरा विवाद रविवार को उत्तराखंड में हुआ। जहां टिहरी जिले में आयोजित कुंजापुरी मेले के दौरान नवरात्रि कार्यक्रम में दलेर मेहंदी को परफॉर्म करने के लिए बुलाया था। जब दलेर परफॉर्म कर रहे थे, इसी बीच सुबोध उनियाल स्टेज पर पहुंचे। बीच स्टेज पर ही उन्होंने सिंगर पर शराब पीकर गाने का आरोप लगाया। साथ ही उन्हें स्टेज से उतरने को कहा। इसी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
सिंगर के सपोर्ट में उतरे मीका सिंह, 35 लाख का सबूत मांगा
आपको बता दें कि कार्यक्रम के दौरान ही सुबोध उनियाल ने दावा किया कि सिंगर को परफॉर्म करने के लिए 35 लाख रुपए दिए गए थे। इसी पर अब मीका सिंह ने प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने मंत्री से 35 लाख रुपए का भुतान का सबूत मांगा है। उन्होंने लिखा, “सर, आपने 35 लाख रुपये कैश में दिए थे या चेक से? अगर आपके पास इसकी रसीद है, तो कृपया उसे सबके सामने रखिए, ताकि लोगों को सच्चाई पता चल सके. धन्यवाद.”
मीका सिंह ने दलेर मेहंदी का किया बचाव
बुधवार को सोशल मीडिया पर मीका सिंह ने पोस्ट शेयर किया। उन्होंने लिखा, “नमस्कार सभी को! बॉलीवुड से लेकर पंजाब तक के सभी सिंगर्स, फैंस, दोस्तों, परिवार और शुभचिंतकों का प्यार और समर्थन देने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद. मेरी बात सीधी है- दलेर मेहंदी जी शराब नहीं पीते हैं और उन पर इस तरह के आरोप लगाना बिल्कुल गलत है.”
उन्होंने आगे लिखा, “अगर किसी स्कूल या कॉलेज में टीचर किसी स्टूडेंट को डांट देता है, तो यह बड़ी बात बन जाती है. फिर इतने बड़े कलाकार का इस तरह अपमान करना कैसे सही हो सकता है?”
‘सुबोध उनियाल मांगे मांफी…’
आगे उन्होंने सुबोध उनियाल को टैग करते हुए लिखा, “मेरा मानना है कि माफी मांगी जानी चाहिए. जिस व्यक्ति ने दलेर मेहंदी जी पर शराब पीने के आरोप लगाए, उसे मानना चाहिए कि ये आरोप गलत थे और उनके साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, उसके लिए माफी मांगनी चाहिए।”
उत्तराखंड को लोगों का जताया आभार
मीका ने उत्तराखंड के लोगों का भी शुक्रिया अदा करते हुए लिखा, “दलेर मेहंदी जी का साथ देने के लिए उत्तराखंड का धन्यवाद. कलाकार हमेशा उत्तराखंड से प्यार करते आए हैं, लेकिन अगर नेताओं की तरफ से कलाकारों का अपमान किया जाएगा, तो हम वहां परफॉर्म करने क्यों आएंगे?” इसके अलावा उन्होंने सीएम धामी से भी सुबोध उनियाल के व्यवहार को लेकर उचित कार्रवाई करने की अपील की।
दलेर मेहंदी के सपोर्ट में उतरे सेलेब्स
बताते चलें कि इस मामले में मीका सिंह के अलावा हर्षदीप कौर, शान, शिल्पा शेट्टी, नील नितिन मुकेश, पलाश सेन, कपिल शर्मा, बादशाह, अनुपम खेर और अलीशा चिनॉय आदि सेलेब्स भी दलेर मेहंदी के समर्थन में उतरे।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








