तो रुकेगा विभागों में RTI की अर्जी को ‘फुटबॉल ‘ बनाने का खेल !

तो क्या अब प्रदेश में आरटीआईकी अर्जी को फुटबॉल बना देने का खेल रुकेगा। असल में कोई आम नागरिक सूचना अधिकार के जरिए सरकारी दफ्तर से यह पूछता है कि गरीबों के राशन कार्ड किस नियम से बनते हैं, किसका नाम क्यों कटता है, राशन की दुकान पर क्या-क्या मिलता है और जिले में कुल कितने कार्ड हैं—तो जवाब की जगह अक्सर फाइलों का ‘पास-द-पार्सल’ का खेल शुरू हो जाता है। अब उत्तराखंड सूचना आयोग ने इसी खेल पर करारी चोट की है। सूचना आयुक्त दलीप सिंह कुंवर की पीठ ने साफ शब्दों में कहा है कि कोई भी लोक सूचना अधिकारी अपने ही विभाग या लोकप्राधिकारी के दूसरे लोक सूचना अधिकारियों को RTI आवेदन ट्रांसफर नहीं कर सकता। आयोग ने इस मामले में उधमसिंह नगर के जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय की तत्कालीन और वर्तमान लोक सूचना अधिकारियों (पूर्ति निरीक्षकों) को 25 हजार रुपये तक की पेनल्टी और विभागीय कार्रवाई का कारण बताओ नोटिस थमा दिया है।

काशीपुर से देहरादून तक गूंजी RTI की आवाज

यह पूरा मामला उधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में रहने वाले सूचना अधिकार कार्यकर्ता नदीम उद्दीन की एक लंबी और जद्दोजहद भरी लड़ाई से जुड़ा है। नदीम उद्दीन ने राशन कार्ड व्यवस्था की पारदर्शिता जानने के लिए जिलाधिकारी कार्यालय, उधमसिंह नगर को संबोधित करते हुए एक सूचना प्रार्थना पत्र भेजा था। उन्होंने डीएम दफ्तर से 17 बिंदुओं के जरिए बेहद बुनियादी लेकिन जनहित से जुड़े सवाल पूछे थे।

Advertisement

  • राशन कार्ड बनने की पात्रता के नियम और शर्तें क्या हैं?
  • राशन कार्ड पर कौन-कौन सा सामान किस दर और मात्रा में मिलता है?
  • राशन कार्ड निरस्त करने या रद्द करने के क्या नियम-प्रावधान हैं?
  • राशन कार्ड की श्रेणी बदलने की क्या प्रक्रिया है?
  • इन तमाम व्यवस्थाओं से जुड़े जिले के आंकड़े क्या हैं?

नदीम उद्दीन ने कोई गुप्त सैन्य रहस्य या संवेदनशील फाइल नहीं मांगी थी। उन्होंने उस राशन व्यवस्था का हिसाब-किताब और नियम-कायदे मांगे थे, जिस पर जिले के हजारों परिवारों की रोजमर्रा की रोटी टिकी होती है। लेकिन यही 17 सवाल आगे चलकर दफ्तरों की लंबी दौड़ और कानूनी खींचतान की वजह बन गए।

फाइल का पहला पड़ाव: जिलाधिकारी दफ्तर से पूर्ति कार्यालय तक

नदीम उद्दीन का आवेदन सबसे पहले जिलाधिकारी कार्यालय, उधमसिंह नगर के लोक सूचना अधिकारी/वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के पास पहुंचा। वहां से इस आवेदन को सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 की धारा 6(3) के तहत जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय के लोक सूचना अधिकारी को भेज दिया गया। आम तौर पर धारा 6(3) का इस्तेमाल तब किया जाता है जब आवेदन किसी ऐसे लोकप्राधिकारी के पास चला जाए, जिसके पास वह सूचना है ही नहीं या जो काम किसी अन्य लोकप्राधिकारी के दायरे में आता है। यहां तक तो मामला कागजों पर एक विभाग से दूसरे विभाग में जाने जैसा दिखा।

एक ही विभाग में इधर से उधर सरकाई गई अर्जी

दिक्कत तब पैदा हुई जब आवेदन जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय के मुख्यालय स्थित तत्कालीन लोक सूचना अधिकारी/पूर्ति निरीक्षक के पास पहुंचा। नियम और कानून की मंशा यह कहती है कि जब किसी विभाग के लोक सूचना अधिकारी के पास आवेदन आ जाए, तो उसकी जिम्मेदारी बनती है कि वह अपने ही विभाग के अन्य अधिकारियों या पटल सहायकों से तालमेल बिठाकर जानकारी इकट्ठी करे और आवेदक को एक साथ, समय पर जवाब दे। लेकिन यहां उल्टा हुआ। जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय की तत्कालीन लोक सूचना अधिकारी/पूर्ति निरीक्षक ने इस अर्जी को अपने पास रखकर जानकारी जुटाने के बजाय अपने ही विभाग के भीतर जिले के अन्य क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों और पूर्ति निरीक्षकों के कार्यालयों के लोक सूचना अधिकारियों को ट्रांसफर कर दिया। सोचिए, एक ही विभाग के अंदर जब एक अधिकारी दूसरे अधिकारी को अर्जी सरकाता रहे, तो जवाब कब आएगा? नदीम उद्दीन के साथ भी यही हुआ। न तो उन्हें समय पर पूरी और सही जानकारी मिली, उल्टा कथित तौर पर भारी-भरकम शुल्क की मांग भी सामने आई।

पहली अपील खारिज, फिर आयोग की चौखट पर दस्तक

जब मांगी गई सूचना नहीं मिली और अत्यधिक शुल्क की मांग की गई, तो नदीम उद्दीन ने हार नहीं मानी। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी के समक्ष प्रथम अपील दाखिल की। उम्मीद थी कि ऊपरी स्तर पर सुनवाई होगी और पारदर्शिता के साथ जानकारी मिल जाएगी। लेकिन वहां भी उन्हें निराशा हाथ लगी। जिला पूर्ति अधिकारी ने अपीलार्थी की अनुपस्थिति के आधार पर अपील ही खारिज कर दी। इसके बाद नदीम उद्दीन ने उत्तराखंड सूचना आयोग का दरवाजा खटखटाया।

एक ही विभाग के अन्य PIO को अर्जी हस्तांतरित नहीं की जा सकती

उत्तराखंड सूचना आयोग में राज्य सूचना आयुक्त दलीप सिंह कुंवर की पीठ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी और पूर्ति निरीक्षकअधिकारियों को पक्षकार बनाया। रिकॉर्ड और दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल के बाद सूचना आयुक्त दलीप सिंह कुंवर ने 6 नवंबर को अपने अंतरिम आदेश में RTI कानून की असली भावना और अधिकारी की जिम्मेदारी को एकदम साफ कर दिया है। उन्होंने कहा कि दफ्तरों में यह आम चलन बन गया है कि जैसे ही कोई लंबी या कई बिंदुओं वाली RTI आती है, अधिकारी उसे अलग-अलग शाखाओं या क्षेत्रीय अधिकारियों के पास भेजकर पल्ला झाड़ लेते हैं। आयोग ने साफ किया कि एक ही लोकप्राधिकारी या विभाग के अन्य लोक सूचना अधिकारियों को सूचना प्रार्थना पत्र हस्तांतरित नहीं किया जा सकता। आयोग के मुताबिक, तत्कालीन लोक सूचना अधिकारी/पूर्ति निरीक्षक (मुख्यालय), जिला पूर्ति कार्यालय, उधमसिंह नगर की यह कार्रवाई RTI अधिनियम की मंशा और लोक सूचना अधिकारी के वैधानिक दायित्वों के खिलाफ है।

खुद जुटाएं जानकारी, आवेदक को न भटकाएं

कानून की बारीकी आसान भाषा में समझें तो RTI एक्ट की धारा 5(4) लोक सूचना अधिकारी को यह ताकत और जिम्मेदारी दोनों देती है कि वह किसी भी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की मदद ले सकता है, जिससे उस अधिकारी को भी वही जिम्मेदारी निभानी पड़ती है जो लोक सूचना अधिकारी की होती है। आयोग ने स्पष्ट किया कि तत्कालीन लोक सूचना अधिकारी आवेदन के 17 बिंदुओं से जुड़े संबंधित अधिकारियों और पटल सहायकों से संपर्क और समन्वय बनाना था। धारा 5(4) के प्रावधानों के तहत उनका सहयोग लेना था। सारी सूचनाओं को संकलित कर एकीकृत रूप में तैयार करना था। निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदक को वह पूरी जानकारी उपलब्ध करानी थी। आयोग ने कहा कि ऐसा करने के बजाय अर्जी को अलग-अलग लोक सूचना अधिकारियों के पास ट्रांसफर कर दिया गया, जिसके चलते आवेदक को समय पर जानकारी नहीं मिल सकी।

    वर्तमान लोक सूचना अधिकारी पर भी उठे सवाल

    आयोग का आदेश सिर्फ पुरानी गलती तक सीमित नहीं रहा। फाइलों के अवलोकन में यह भी सामने आया कि वर्तमान लोक सूचना अधिकारी ने भी इस मामले को निपटाने में जरूरी गंभीरता और तत्परता नहीं दिखाई।आदेश में कहा गया कि वर्तमान लोक सूचना अधिकारी ने न तो आवेदक को वांछित सूचना देने के लिए प्रभावी कदम उठाए और न ही नियम के मुताबिक यह बताया कि सूचना क्यों नहीं दी जा रही है। यानी दोनों स्तरों पर वैधानिक जिम्मेदारी निभाने में लापरवाही दिखी।

    25000 तक की जुर्माना और विभागीय कार्रवाई का नोटिस

    इसी लापरवाही और बाधा पहुंचाने के आरोप में उत्तराखंड सूचना आयोग ने कड़ा रुख अपनाते हुए दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। तत्कालीन लोक सूचना अधिकारी: मीनाक्षी रावत, पूर्ति निरीक्षक (मुख्यालय), जिला पूर्ति कार्यालय, उधमसिंह नगर और वर्तमान लोक सूचना अधिकारी तन्मय मैठाणी, पूर्ति निरीक्षक (मुख्यालय), जिला पूर्ति कार्यालय, उधमसिंह नगरको सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 की धारा 20(1) के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसमें पूछा गया है कि तय समय में पूरी और वांछित सूचना न देकर आवेदक के सूचना के अधिकार के प्रभावी इस्तेमाल में बाधा डालने के लिए क्यों न: धारा 20(1) के तहत 250 रुपये प्रतिदिन की दर से अधिकतम 25,000 रुपये तक की शास्ति (पेनल्टी) लगाई जाए और धारा 20(2) के तहत अनुशासनात्मक (विभागीय) कार्रवाई के लिए संबंधित विभागाध्यक्ष को सिफारिश भेजी जाए। आयोग ने दोनों अधिकारियों को यह मौका भी दिया है कि वे अगली सुनवाई की तारीख (04 जनवरी 2027) से पहले अपना लिखित स्पष्टीकरण दें और यदि उनके समर्थन में कोई सबूत या दस्तावेज हैं, तो उन्हें भी आयोग के सामने पेश करें।

    आम आदमी और RTI कार्यकर्ताओं के लिए इस आदेश के मायने

    यह आदेश सिर्फ उधमसिंह नगर के एक मामले तक सीमित नहीं है। प्रदेश और देश के तमाम सरकारी दफ्तरों में अक्सर शिकायतें आती हैं कि नागरिक जब किसी विभाग के मुख्यालय में RTI लगाते हैं, तो वहां के अधिकारी क्षेत्रीय या ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को पत्र भेजकर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान लेते हैं। कई बार तो एक ही अर्जी तीन-चार जगह घूमती रह जाती है और समय सीमा निकल जाती है उत्तराखंड सूचना आयोग के इस आदेश से यह संदेश गया है कि विभाग के भीतर फाइल सरकाना कानूनी जवाबदेही से बचने का रास्ता नहीं बन सकता। सूचना संकलित करके एकीकृत रूप में देना लोक सूचना अधिकारी का काम है। समय पर सूचना न मिलने या कारण न बताने पर सीधे पेनल्टी और सर्विस रिकॉर्ड पर असर डालने वाली विभागीय कार्रवाई का खतरा है अब सबकी नजर 4 जनवरी 2027 को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी है, जब नोटिस पाने वाले अधिकारियों का जवाब और आयोग की आगे की कार्रवाई सामने आएगी।

    Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

    ❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.