उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2027: फरवरी के दूसरे हफ्ते से शुरू होंगी परीक्षाएं, 2.08 लाख छात्र देंगे एग्जाम

उत्तराखंड में साल 2027 की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं फरवरी के दूसरे सप्ताह से शुरू होंगी। प्रदेशभर में कुल 1270 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए हैं। इनमें 49 एकल और 1221 मिश्रित परीक्षा केंद्र शामिल हैं। इन केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 2,08,424 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे।

प्रदेश में बनाए गए 1270 परीक्षा केंद्र

परीक्षा केंद्रों का निर्धारण 23 नवंबर 2026 को माध्यमिक शिक्षा निदेशालय उत्तराखंड के सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय केंद्र निर्धारण समिति की बैठक में किया गया। बैठक की अध्यक्षता माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनय प्रसाद सेमवाल ने की। परिषद की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, साल 2027 की बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल के 1,09,282 और इंटरमीडिएट के 99,142 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

Advertisement

टिहरी में बनाए सबसे अधिक परीक्षा केंद्र

जनपदवार परीक्षा केंद्रों की बात करें तो टिहरी जिले में सबसे अधिक 136 केंद्र बनाए गए हैं, जबकि चंपावत में सबसे कम 45 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। वहीं, परीक्षार्थियों की संख्या के मामले में हरिद्वार जिला सबसे आगे है। यहां से कुल 48,320 छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। दूसरी ओर चंपावत में सबसे कम 3,277 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।

146 संवेदनशील और 5 अतिसंवेदनशील केंद्र चिह्नित

बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रदेश में 146 संवेदनशील और 5 अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्र चिह्नित किए गए हैं। इसके अलावा स्वकेंद्र परीक्षा प्रणाली के तहत 15 नए परीक्षा केंद्रों को भी मंजूरी दी गई है। वर्ष 2026 की तुलना में इस बार प्रदेश में 9 परीक्षा केंद्र अधिक बनाए गए हैं।

अधिकारियों को दिए जांच पूरी करने के निर्देश

बैठक में परिषद के सचिव विनोद कुमार ढौंडियाल ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर जरूरी भौतिक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही गोपनीय परीक्षा सामग्री की सुरक्षा को लेकर भी पहले से सभी व्यवस्थाओं की जांच कर ली जाए। उन्होंने अधिकारियों को जांच पूरी होने के बाद इसकी रिपोर्ट परिषद कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए। परिषद की ओर से परीक्षा केंद्रों की सूची जल्द ही सभी जिलों को उपलब्ध करा दी जाएगी।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.