UKD में बड़ी बगावत, कई दिग्गजों ने छोड़ी पार्टी!डेमोक्रेटिक ने जारी की पहली सूची

आगामी 2027 उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच प्रदेश की क्षेत्रीय राजनीति में बड़ी हलचल देखने को मिली है। उत्तराखंड क्रांति दल (डेमोक्रेटिक) ने अपनी चुनावी रणनीति का शंखनाद करते हुए विधानसभा चुनाव के लिए अपने 10 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है।

UKD में कई दिग्गजों ने छोड़ी पार्टी!

पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष बलवेन्द्र सिंह नेगी द्वारा जारी सूची के अनुसार, उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) की प्रत्याशी चयन प्रक्रिया में अनियमितता और ‘चौथाई सीट’ होने से नाराज होकर कई वरिष्ठ नेताओं ने यूकेडी का दामन छोड़कर उत्तराखंड क्रांति दल (डेमोक्रेटिक) की सदस्यता ग्रहण कर ली है।

पार्टी में शामिल होने वाले प्रमुख नेताओं में यूकेडी के पूर्व केंद्रीय उपाध्यक्ष व सर्वोच्च सलाहकार समिति के सदस्य वीरेन्द्र बग्यारी, केंद्रीय उपाध्यक्ष महेश उपाध्याय, हंसा दत्त बेलवाल, केंद्रीय प्रचार मंत्री बिशन सिंह नेगी, विशेष आमंत्रित सदस्य सूर्यप्रकाश पुरोहित और केंद्रीय संरक्षक समेत कई अन्य पदाधिकारी शामिल हैं।

‘उत्तराखंड डेमोक्रेटिक एलायंस उतारेगी उम्मीदवार

इसके साथ ही, यूकेडी (डेमोक्रेटिक) ने क्षेत्रीय विचारधारा को मजबूत करने के लिए हिमालयन क्रांति पार्टी, राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी, उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी, उत्तराखंड समानता पार्टी और अन्य क्षेत्रीय संगठनों व निर्दलीय प्रत्याशियों के साथ मिलकर ‘उत्तराखंड डेमोक्रेटिक एलायंस (UDA)’ के तहत हर विधानसभा सीट पर एक साझा उम्मीदवार उतारने की बात कही है, ताकि राष्ट्रीय दलों को कड़ी टक्कर दी जा सके।

उत्तराखंड क्रांति दल डेमोक्रेटिक के 10 उम्मीदवारों की सूची

  • आशुतोष नेगी, रायपुर
  • मेजर संतोष भंडारी, मसूरी
  • रोहित डंडरियाल, कोटद्वार
  • मनमोहन नागरकोटी, जागेश्वर
  • नरेन्द्र बिष्ट, अल्मोड़ा
  • शिवराम, सोमेश्वर
  • अरविंद बडोला, गंगोत्री
  • रवींद्र / रवि सिंह, पौड़ी (आरक्षित अनुसूचित जाति)
  • प्रधान रतन सिंह, नरेंद्रनगर
  • बीरेंद्र बग्यारी, सल्ट

दूसरी तरफ, यूकेडी ने बनाई केंद्रीय घोषणापत्र समिति

एक ओर जहां पार्टी में टूट की खबरें आई हैं, वहीं दूसरी ओर मूल उत्तराखंड क्रांति दल ने भी चुनावी तैयारियों को गति देते हुए अपनी केंद्रीय घोषणापत्र समिति (Central Manifesto Committee) का गठन कर दिया है। पार्टी नेतृत्व ने इस महत्वपूर्ण समिति का संयोजक लूशुन टोडरिया को नियुक्त किया है।

अपनी नियुक्ति पर लूशुन टोडरिया ने केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती, घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष सुरेश नेगी और शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया है। टोडरिया के अनुसार, उनका प्रयास रहेगा कि पार्टी का घोषणापत्र केवल चुनावी वादों की किताब न बने, बल्कि इसमें उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों, सांस्कृतिक पहचान, राज्य आंदोलन के इतिहास, जल-जंगल-जमीन पर स्थानीय लोगों के अधिकार, पर्यावरण, युवाओं के रोजगार और महिलाओं के संघर्षों की झलक साफ दिखाई दे।

लोगों से सीधा संवाद किया जाएगा

उन्होंने बताया कि एक सार्थक घोषणापत्र तैयार करने के लिए जल्द ही प्रदेश के गांवों, कस्बों और शहरों में जाकर आम जनता, किसानों, कर्मचारियों और सामाजिक संगठनों से सीधा संवाद किया जाएगा, ताकि जनता के सुझावों के आधार पर ही राज्य के भविष्य का रोडमैप तैयार किया जा सके। बहरहाल, 2027 के चुनाव से पहले क्षेत्रीय दलों की इस नई गोलबंदी और अंदरूनी बदलावों ने प्रदेश की सियासत को गरमा दिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि आगामी चुनाव में यह समीकरण कितना असर दिखा पाते हैं।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.