लक्सर खानपुर विधायक उमेश कुमार की ओर से 24 नवंबर को लक्सर में आयोजित होने जा रहे 251 निर्धन कन्याओं के सामूहिक विवाह और निकाह कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। विधायक उमेश कुमार आज कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने खुद ट्रैक्टर का स्टेयरिंग संभालकर खेत को समतल किया।
विधायक उमेश कुमार ने परखी हेलीपैड की व्यवस्थाएं
विधायक ने विवाह स्थल का निरीक्षण करने के साथ वीआईपी मेहमानों के आगमन के लिए तैयार किए जा रहे हेलीपैड की व्यवस्थाओं को भी परखा। उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टर उतरने के लिए हेलीपैड के निर्धारित मानकों और सुरक्षा संबंधी सावधानियों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने मौके पर मौजूद टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
हिंदू और मुस्लिम दोनों रीति-रिवाजों से होंगी शादियां
विधायक ने बताया कि स्थानीय समुदाय के भरपूर समर्थन से 24 नवंबर को 251 बेटियों के लिए एक सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें हिंदू और मुस्लिम दोनों रीति-रिवाजों से शादियां होंगी। इस नेक काम में देश भर की कई जानी-मानी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में राकेश टिकैत, गायक मासूम शर्मा, संजीव बालियान, जयंत चौधरी, एक केंद्रीय मंत्री और आचार्य बालकृष्ण जैसी प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








