धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने अपनी जान को खतरा बताते हुए राज्यपाल को पत्र लिखा है। उन्होंने अपनी सुरक्षा में पहले से तैनात गनर को हटाकर नया गनर तैनात किए जाने पर आपत्ति जताई है। विधायक ने इसे अपनी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बताते हुए पुराने गनर की दोबारा तैनाती की मांग की है।
विधायक हरीश धामी ने लिखा राज्यपाल को पत्र
21 नवंबर 2026 को राज्यपाल को भेजे गए पत्र में हरीश धामी ने आरोप लगाया है कि सरकार ने उनकी सुरक्षा में पूर्व से तैनात गनर को तत्काल प्रभाव से बदल दिया है। उन्होंने पत्र में कहा कि वह वर्तमान में मुख्यमंत्री की ओर से किए गए और किए जा रहे भ्रष्टाचार के मामलों को जनता के बीच उठा रहे हैं। ऐसे में पुराने गनर को हटाकर नए गनर की तैनाती किए जाने से उन्हें अपनी हत्या की साजिश का अंदेशा हो रहा है।
विधायक ने उठाए सरकार की मंशा पर सवाल
विधायक ने आरोप लगाया कि नए गनर की तैनाती का उद्देश्य उनकी पल-पल की खबर और लोकेशन सरकार तक पहुंचाना हो सकता है, ताकि उन्हें नुकसान पहुंचाने का मौका मिल सके। उन्होंने इसे गंभीर और चिंताजनक स्थिति बताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं।
पुराने गनर की तैनाती की मांग
हरीश धामी ने राज्यपाल से अनुरोध किया है कि उनकी सुरक्षा में पहले से तैनात गनर को दोबारा तैनात करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि पुराने गनर की तैनाती दोबारा नहीं की जाती है तो उन्हें नए गनर की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है या उनकी हत्या होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी सीएम धामी और सरकार की होगी।
जौलजीबी मेले में काटा था बवाल
गौरतलब है कि इससे पहले भी हरीश धामी अपने तेवरों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। बीते दिनों पहले विधायक ने जौलजीबी मेले के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान माइक बंद होने और सीएम धामी के कार्यक्रम में रहने के दौरान बोलने का मौका न मिलने के आरोप पर जमकर बवाल काटा था। यही नहीं विधायक ने मंच से माइक फेंक कर साउंड ऑपरेटर को जमकर फटकार लगाई थी।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








