राजधानी देहरादून में पुलिस कार्रवाई को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में सिद्धांत बड़ौनी के खिलाफ हुई कार्रवाई से नाराज बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का एसएसपी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन जारी है।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने किया SSP कार्यालय का घेराव
शनिवार को हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने एसएसपी कार्यालय का घेराव किया। बता दें बजरंग दल के कार्यकर्ता पटेलनगर कोतवाली के इंस्पेक्टर नरेश राठौर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें बर्खास्त करने की मांग पर अड़े हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने सिद्धांत बड़ौनी के खिलाफ गलत तरीके से कार्रवाई की है और पूरे मामले में निष्पक्षता नहीं बरती गई।
नरेश राठौर को बर्खास्त करने की मांग पर अड़े बजरंग दल के कार्यकर्ता
अब इसी विवाद को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ता एसएसपी कार्यालय पर धरने पर बैठ गए हैं। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग है कि इंस्पेक्टर नरेश राठौर को तत्काल बर्खास्त किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। फिलहाल एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन जारी है। विवाद गर्माता देख एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने मामले की जांच एसपी ग्रामीण जया बलूनी को सौंप दी है।
ये है मामला
दरअसल, देहरादून में 14 लाख की लूट के मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में बजरंग दल से जुड़े सिद्धांत बड़ौनी का नाम सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर हिंदूवादी संगठनों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है। संगठन से जुड़े लोगों का दावा है कि वीडियो पुलिस की बताई गई कहानी पर सवाल खड़े करता है। इसी को आधार बनाकर कार्यकर्ता थाना प्रभारी नरेश राठौर की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं।
बता दें इससे पहले भी हिंदूवादी संगठनों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई थी और मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई थी। संगठनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई को बदले की भावना से प्रेरित बताया था। वहीं पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई को निष्पक्ष बताया है।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








