रुड़की में तेज रफ्तार का कहर दो परिवारों की खुशियां उजाड़ गया। अलग-अलग स्थानों पर हुए दो भीषण सड़क हादसों में एक महिला समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। एक हादसे में मिनी ट्रक की टक्कर से स्कूटर सवार युवक की मौके पर ही जान चली गई तो दूसरे हादसे में ट्रक ने बाइक सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया जिसमें 29 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के वक्त महिला अपने पति और दो मासूम बच्चों के साथ सफर कर रही थी। मां की मौत के बाद दोनों बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया।
रुड़की में दो सड़क हादसे
पहला हादसा पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र के धनौरी में सामने आया। जानकारी के मुताबिक दौलतपुर गांव निवासी अनुज पुत्र शिवराम स्कूटर पर सवार होकर धनौरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने उसके स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनुज को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही धनौरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने मिनी ट्रक को कब्जे में लेते हुए चालक की तलाश शुरू कर दी है।
वहीं दूसरा हादसा गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सालियर गांव के पास हाईवे पर हुआ। यहां बिजनौर निवासी एक परिवार बाइक से अपने घर जा रहा था। बाइक पर महिला अपने पति और दो बच्चों के साथ सवार थी। इसी दौरान एक ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 29 वर्षीय जावेदा पत्नी मोहम्मद मुसाद की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। गनीमत रही कि महिला का पति और दोनों बच्चे हादसे में बाल-बाल बच गए।
महिला की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने किया हाईवे जाम
महिला की मौत से आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया जिसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर पहुंची गंगनहर कोतवाली पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और आक्रोशित लोगों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया हाईवे से जाम
पुलिस ने काफी कड़ी मशक्कत के बाद हाईवे से जाम खुलवाया और महिला के शव को कब्जे में लेकर रुड़की सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए गए हैं। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाओं में शामिल वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और वाहन चालकों की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








