उत्तराखंड के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को मुंबई में ‘ज्ञान गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। नवी मुंबई में उत्तरांचल महासंघ, मुंबई की ओर से आयोजित एक भव्य समारोह में महासंघ के पदाधिकारियों ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। इस दौरान प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों, साक्षरता अभियान और विद्यालयी शिक्षा में किए गए सुधारों की सराहना की गई।
शिक्षा मंत्री को मुंबई में मिला ‘ज्ञान गौरव सम्मान
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड का पूर्ण साक्षर राज्य बनना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि सरकार, शिक्षकों, विद्यार्थियों और आम जनता के मिलकर किए गए प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने इसका श्रेय प्रदेश के शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले सभी लोगों को दिया।
मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जिसने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को सबसे पहले लागू किया। प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर और पारदर्शी बनाने के लिए विद्या समीक्षा केंद्र की स्थापना की गई है। इसके माध्यम से स्कूलों में शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। यहां मिलने वाले आंकड़ों के आधार पर शिक्षा व्यवस्था की कमियों को समझने और उन्हें दूर करने के लिए योजनाएं बनाई जा रही हैं।
प्रदेश में औसतन 15 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक उपलब्ध: मंत्री
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि प्रदेश में औसतन 15 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि जल्द ही सकल नामांकन अनुपात (GER) को 100 प्रतिशत तक पहुंचाया जाए, ताकि प्रदेश का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
डॉ. रावत ने कहा कि पूर्ण साक्षरता हासिल करना केवल सरकार की उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की मेहनत और जागरूकता का परिणाम है। अब सरकार का लक्ष्य शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाना और हर बच्चे तक अच्छी शिक्षा पहुंचाना है। साथ ही लोगों में जीवनभर सीखने की आदत को बढ़ावा देना भी सरकार की प्राथमिकता है।
उत्तराखंडी संस्थाओं का जताया आभार
मंत्री ने उत्तरांचल महासंघ और महाराष्ट्र की विभिन्न उत्तराखंडी संस्थाओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड से दूर रहने के बावजूद प्रवासी उत्तराखंडी अपनी मातृभूमि से जुड़े रहते हैं। मुंबई में मिला यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि यह प्रदेश के शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और पूरी शिक्षा व्यवस्था का सम्मान है।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








