महिला अपराधों को लेकर कांग्रेस ने BJP सरकार को घेरा, DGP की कार्यशैली पर उठाए सवाल

उत्तराखंड में महिलाओं की सुरक्षा और महिला अपराधों को लेकर सियासत एक बार फिर गरमा गई है। अंकिता भंडारी हत्याकांड से लेकर हल्द्वानी में नाबालिग के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले तक विपक्ष ने भाजपा को घेरना शुरू कर दिया है। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने प्रेस वार्ता कर भाजपा पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट के हालिया बयान के बाद भाजपा से कई सवालों के जवाब मांगे।

महिला कांग्रेस ने भाजपा को घेरा

ज्योति रौतेला ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि इस मामले में दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाए जाने पर भाजपा की महिला शक्ति चुप क्यों है? उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रदेश की बेटियों को न्याय दिलाने की बात आती है, तो भाजपा महिला मोर्चा की आवाज क्यों नहीं सुनाई देती।

ज्योति रौतेला ने अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में सीबीआई की जांच को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश की जनता को यह पता चलना चाहिए कि आखिर जांच में क्या सामने आ रहा है और अब तक क्या कार्रवाई हुई है।

कांग्रेस ने उठाया हल्द्वानी सामूहिक दुष्कर्म का मामला

उन्होंने हल्द्वानी में 17 वर्षीय नाबालिग के साथ हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले को भी उठाया। ज्योति रौतेला ने आरोप लगाया कि इस मामले में भाजपा और उसका महिला मोर्चा चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि पीड़ित बालिका के माता-पिता को भी धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है, तब सरकार और सत्ताधारी दल की ओर से इस मामले में प्रभावी आवाज क्यों नहीं उठाई जा रही है।

हरक सिंह रावत पर लगे आरोपों का किया जिक्र

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने पूर्व विधायक सुरेश राठौर पर दर्ज दुष्कर्म के मुकदमे का भी जिक्र किया। इसके साथ ही 23 साल पुराने मामले को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी असम से जैनी को लेकर आई है और दूसरी ओर हरक सिंह रावत पर आरोप लगा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिलाओं से जुड़े मामलों में अलग-अलग मापदंड अपना रही है।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर पर उठाये सवाक

ज्योति रौतेला ने प्रदेश पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि डीजीपी सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं और महिलाओं से जुड़े मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा से जुड़े लोगों पर भी महिलाओं के शोषण के आरोप सामने आ रहे हैं, लेकिन ऐसे मामलों में कार्रवाई को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.