CM धामी सुलझाएंगे दलेर मेहंदी विवाद!, बोले- मीका और दलेर मेरे दोस्त, खुद करूंगा बात

उत्तराखंड में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और मशहूर पंजाबी गायक दलेर मेहंदी के बीच हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का रिएक्शन सामने आया है।

मीका और दलेर मेरे दोस्त, खुद करूंगा बात: CM

कुंजापुरी मेले में मंच पर दलेर मेहंदी की प्रस्तुति को लेकर शुरू हुआ विवाद अब बॉलीवुड तक पहुंच गया है। गायक मीका सिंह समेत कई कलाकार दलेर मेहंदी के समर्थन में उतर आए हैं और मंत्री से माफी की मांग कर रहे हैं। मामला बढ़ता देख मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि दलेर मेहंदी और मीका सिंह उनके अच्छे दोस्त हैं और वह दोनों से बातचीत करेंगे।

क्या है पूरा मामला?

विवाद टिहरी जिले के नरेंद्रनगर क्षेत्र में आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के दौरान शुरू हुआ। 18 अक्टूबर की शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम में दलेर मेहंदी प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और उनकी प्रस्तुति पर नाराजगी जताई। मंत्री ने कथित तौर पर गायक से पूछा कि क्या उन्होंने शराब पी रखी है। देखते ही देखते घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

दलेर मेहंदी के कार्यक्रम पर जताई थी नाराजगी

मंत्री सुबोध उनियाल ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि दर्शक दलेर मेहंदी को सुनने आए थे, न कि उनकी टीम को। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि कार्यक्रम के लिए भुगतान किए जाने के बावजूद प्रस्तुति अपेक्षा के अनुरूप क्यों नहीं रही। मंत्री ने कार्यक्रम के लिए 35 लाख दिए जाने का दावा भी किया था।

मीका सिंह ने की माफी की मांग

विवाद सामने आने के बाद दलेर मेहंदी के छोटे भाई और गायक मीका सिंह ने खुलकर उनका समर्थन किया। मीका ने कहा कि दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते और उनके खिलाफ इस तरह के आरोप लगाना गलत है। उन्होंने सार्वजनिक मंच पर एक वरिष्ठ कलाकार को इस तरह टोकने और अपमानित करने पर सवाल उठाए।

मीका सिंह ने मंत्री सुबोध उनियाल से माफी मांगने की अपील की। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी मामले में हस्तक्षेप करने और मंत्री के व्यवहार पर उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया। मीका ने कार्यक्रम के भुगतान को लेकर भी सवाल उठाते हुए कथित 35 लाख के भुगतान का प्रमाण सार्वजनिक करने की मांग की।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.