ऋषिकेश में CM ने किया 9 देवभूमि रजत जयंती पार्कों का लोकार्पण, 36 करोड़ की योजनाओं की दी सौगात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को ऋषिकेश के चन्द्रेश्वरनगर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेशवासियों को विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने चार जनपदों देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी के 9 नगर निकायों में विकसित देवभूमि रजत जयंती पार्कों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया। इसके साथ ही देहरादून में 36 करोड़ से अधिक की लागत वाली 7 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

ऋषिकेश में CM ने किया 9 देवभूमि रजत जयंती पार्कों का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर सरकार ने विकास कार्यों को धरातल पर उतारने का संकल्प लिया था। इसी कड़ी में प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में देवभूमि रजत जयंती पार्क विकसित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर पहले कूड़े के ढेर और झाड़ियां दिखाई देती थीं, आज वहां हरे-भरे और सुव्यवस्थित पार्क विकसित किए जा रहे हैं। इन पार्कों से बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होंगे। साथ ही इनमें उत्तराखण्ड की संस्कृति, लोक परंपराओं और स्थानीय वनस्पतियों की झलक भी देखने को मिलेगी।

स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहरों के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है सरकार: CM

सीएम ने कहा कि राज्य सरकार स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहरों के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश के सभी 108 नगर निकाय खुले में शौच से मुक्त हो चुके हैं। ऋषिकेश और हरिद्वार को वाटर प्लस प्रमाणन मिला है, जबकि शहरी क्षेत्रों में 90 प्रतिशत से अधिक कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण किया जा रहा है। पुराने कचरे के निस्तारण से करीब 109 एकड़ भूमि को दोबारा उपयोग योग्य बनाया गया है। इसके अलावा प्रदेश के 107 नगर निकायों के लिए लगभग 1,375 करोड़ की स्वच्छता कार्ययोजना तैयार की गई है।

आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर किया जा रहा काम: CM

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों में पेयजल, सीवरेज और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर भी काम किया जा रहा है। अमृत योजना के पहले चरण में स्वीकृत 151 परियोजनाओं में से 148 पूरी हो चुकी हैं। इनके माध्यम से 72 हजार से अधिक घरों को नल कनेक्शन दिए गए हैं। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 62 हजार से अधिक आवास स्वीकृत किए गए हैं और 50 हजार से अधिक परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा चुके हैं।

नगर निकायों की सेवाओं को डिजिटल बनाने की दिशा में हो रहा काम

सीएम धामी ने कहा कि सरकार नगर निकायों की सेवाओं को डिजिटल बनाने की दिशा में भी काम कर रही है। संपत्ति कर, दाखिल-खारिज और ट्रेड लाइसेंस जैसी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। आगामी कुंभ-2027 के मद्देनजर हरिद्वार में डिजिटल स्वच्छता निगरानी प्रणाली विकसित की जा रही है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.