दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। देहरादून के मोहब्बेवाला में सेल टैक्स कार्यालय के पास लगातार हो रही दुर्घटनाएं स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं। इसे लेकर आज पूर्व मुख्यमंत्री ने हादसे वाली जगह पर हवन किया।
पूर्व सीएम हरीश रावत ने किया स्थानीय लोगों के साथ हवन
बता दें मोहब्बेवाला में अभी तक एक दर्जन से भी अधिक हादसे हो चुके हैं। इन दुर्घटनाओं में कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों की मांग को लेकर अब स्थानीय लोगों ने आवाज उठानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत मोहब्बेवाला पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों की ओर से आयोजित हवन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
मृतकों को दी श्रद्धांजलि
सड़क हादसों में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति और इस गंभीर समस्या की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से हवन का आयोजन किया गया। पंडित दीपक पैन्यूली ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन संपन्न कराया। इस दौरान हादसों में दिवंगत हुए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
हरदा ने की तत्काल प्रभावी कदम उठाने की अपील
हरीश रावत ने लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए सरकार से इस स्थान पर तत्काल प्रभावी कदम उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों की जान की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। एक ही स्थान पर बार-बार दुर्घटनाएं होना गंभीर चिंता का विषय है। ऐसे में सरकार को इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जरूरी इंतजाम करने चाहिए, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को अपनों को खोने का दर्द न झेलना पड़े।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








