उन्नति का देहरादून में भव्य स्वागत, कॉमनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया गौरव – Khabar Uttarakhand

ख़बर शेयर करें

स्कॉटलैंड के ग्लासगो में हुए राष्ट्रमंडल खेलों की जूडो प्रतियोगिता में उत्तराखंड की खिलाड़ी उन्नति शर्मा ने कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। इसी बीच आज यानी बुधवार को वो देहरादून लौटी। जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। परिवार वालों, शुभचिंतकों और खेल प्रेमियों ने उनका फूल-मालाओं के साथ अभिनंदन किया।

उन्नति का देहरादून में भव्य स्वागत, कांस्य जीतकर बढ़ाया गौरव

उन्नति भी इस दौरान काफी खुश नजर आई। उन्होंने अपनी परिवार और कोच को अपनी सफलता का श्रेय दिया। साथ ही उन्होंन युवाओं से खेल में पूरी लगन के साथ मेहनत करने का संदेश दिया।

दरअसल ग्लासगो में आयोजित जूडो प्रतियोगिता के 63 किलोग्राम भार वर्ग में उन्नति शर्मा ने कांस्य पदक जीता। उन्होंने उत्तराखंड के साथ-साथ देश का नाम भी रोशन किया।

मां बोलीं- इस खुशी को शब्दों में बयां नहीं कर सकती

उन्नति की मां ममता शर्मा ने कहा कि ये पूरे परिवार के लिए गर्व की बात है। सालों की मेहनत और समर्पण का ये नतीजा है। खिलाड़ी की मां ने बाकी बच्चों से भी खेलों में आगे बढ़ने और देश-प्रदेश का नाम रोशन करने की बात कही।

कोच बोले- आगे और बड़े पदकों की उम्मीद

इस दौरान उन्नति के कोच सतीश शर्मा ने कहा कि कांस्य पदक उनकी मेहनत और प्रतिभा की वजह से जीता है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उन्नति लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। भविष्य में वो देश के लिए और बड़े मेडल जीतकर लाएंगी।