जन्मदिन पर हुआ पद्मश्री डॉ. ललित पांडेय का निधन, 78 वर्ष की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

उत्तराखंड के सामाजिक, शैक्षिक और पर्यावरणीय क्षेत्र में अपना अमूल्य योगदान देने वाले पद्मश्री डॉ. ललित पांडेय का रविवार को निधन हो गया। उन्होंने 78 वर्ष की आयु में बेस अस्पताल में अंतिम सांस ली।

पद्मश्री डॉ. ललित पांडेय का निधन

संयोग की बात है कि जिस दिन उनका निधन हुआ, उसी दिन उनका जन्मदिन भी था। उनके निधन की खबर से प्रदेशभर में शोक की लहर दौड़ गई। पहाड़ की सेवा और समाज के उत्थान के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित करने वाले डॉ. पांडेय के जाने से उत्तराखंड ने एक ऐसी शख्सियत खो दी है, जिन्होंने अपने कार्यों से समाज में बदलाव की नई मिसाल पेश की।

विदेशों में नौकरी का विकल्प छोड़ लौटे थे अपनी जन्मभूमि

डॉ. ललित पांडेय ने उच्च शिक्षा के लिए आईआईटी दिल्ली, एमआईटी और पर्ड्यू विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में पढ़ाई की। उनके पास विदेशों में बेहतर अवसरों के साथ अपना करियर बनाने का विकल्प था, लेकिन उन्होंने अपनी जन्मभूमि और पहाड़ के लोगों के लिए काम करने का फैसला किया। वर्ष 1984 में वह विदेशों के अवसर छोड़कर अल्मोड़ा लौट आए और अपना जीवन समाजसेवा के लिए समर्पित कर दिया।

अल्मोड़ा लौटने के बाद उन्होंने उत्तराखंड सेवा निधि के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक विकास के लिए व्यापक स्तर पर काम किया। उनके प्रयासों से ग्रामीण पुस्तकालयों और बालवाड़ियों को बढ़ावा मिला। इसके साथ ही पर्यावरण शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, जल संरक्षण और ग्रामीण आजीविका के क्षेत्र में भी उन्होंने उल्लेखनीय योगदान दिया।

2007 में भारत सरकार ने किया था पद्मश्री से सम्मानित

समाज और पर्यावरण के प्रति उनके समर्पण और उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए वर्ष 2007 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री सम्मान से नवाजा था। यह सम्मान उनके वर्षों के सामाजिक कार्यों और पहाड़ के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान था।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.