रुड़की पहुंचे बॉलीवुड डायरेक्टर से मांगी 40 करोड़ की फिरौती, परिवार को दी बम से उड़ाने की धमकी

मुंबई के राजनेता और बॉलीवुड डायरेक्टर हाजी शकील सैफी को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 40 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और रकम न देने पर पूरे परिवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है।

बॉलीवुड डायरेक्टर को 40 करोड़ की फिरौती के लिए धमकी

बताया जा रहा है कि हाजी शकील सैफी को यह धमकी उस समय मिली, जब वह रुड़की के पिरान कलियर स्थित साबिर पाक की दरगाह पर पहुंचे हुए थे। मोबाइल फोन पर मिली धमकी के बाद उन्होंने आनन-फानन में कलियर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।

धमकी देने वाले ने खुद को बताया लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा

हाजी शकील सैफी की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक, उन्हें मोबाइल फोन पर अनिल पंडित नाम से धमकी मिली है। धमकी देने वाले ने कथित तौर पर खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए 40 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। साथ ही रकम नहीं देने पर उनके परिवार को बम से उड़ाने की धमकी दी गई।

पूर्व में भी मिल चुकी है धमकी

हाजी शकील सैफी ने पुलिस को बताया कि इससे पहले भी उन्हें इसी तरह की धमकी मिल चुकी है। हालांकि, उनका कहना है कि वह ऐसी धमकियों को गंभीरता से नहीं लेते और उन्हें पुलिस प्रशासन पर पूरा भरोसा है। मामले को लेकर हाजी शकील सैफी ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि धमकी देने वाले व्यक्ति और उसके पीछे सक्रिय लोगों का पता लगाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.