मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पिथौरागढ़ के सीमांत क्षेत्र में काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले को 102.72 करोड़ की 25 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 102.48 करोड़ रुपये की 24 योजनाओं का शिलान्यास और 24 लाख की एक योजना का लोकार्पण शामिल है। इसके साथ ही जौलजीबी मेले के आयोजन के लिए 10 लाख देने की घोषणा भी की।
पिथौरागढ़ को CM ने दी 102.72 करोड़ की सौगात
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जौलजीबी मेला भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत, आपसी भाईचारे और व्यापारिक संबंधों का प्रतीक है। सदियों से यह मेला दोनों देशों के लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का काम करता आ रहा है। भारत, नेपाल और तिब्बत के बीच पुराने व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंधों में भी इस मेले का विशेष महत्व रहा है।
जौलजीबी मेले से बचपन से रहा है विशेष लगाव: CM
सीएम ने कहा कि जौलजीबी मेले से उनका बचपन से ही विशेष लगाव रहा है। उन्होंने यहां की संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय रीति-रिवाजों को करीब से देखा है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि मेलों के माध्यम से स्थानीय कलाकारों, उत्पादों और पारंपरिक व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलता है।
सीएम धामी ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों का विकास राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इन क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन और स्थानीय संस्कृति के जरिए युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें और उन्हें रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े।
सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए काम कर रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखंड के विकास और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास के लिए विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है। जौलजीबी जैसे मेले हमारी सांस्कृतिक एकता और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
इस दौरान सीएम ने जिन प्रमुख योजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें 23.26 करोड़ की लागत से पिथौरागढ़ में नए राज्य अतिथि गृह (सर्किट हाउस) का निर्माण, 13.38 करोड़ रुपये की घाट पंपिंग पेयजल योजना और 36.10 करोड़ रुपये की खोतिला एवं घाटधार क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा योजना शामिल हैं। इसके अलावा 8.80 करोड़ रुपये की लागत से रामगंगा नदी पर मोटर पुल का निर्माण भी किया जाएगा। इन योजनाओं से जिले में सड़क संपर्क, पेयजल और आपदा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








