कड़ी सुरक्षा के बीच हरिद्वार में IB के वरिष्ठ अधिकारी पर फायरिंग, ड्राइवर ने ही चलाई गोली

हरिद्वार में शनिवार को एक ओर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिवंगत मां सावित्री देवी के अंतिम संस्कार को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, वहीं दूसरी ओर इसी सुरक्षा घेरे के बीच इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के एक वरिष्ठ अधिकारी पर फायरिंग की घटना सामने आ गई।

IB के वरिष्ठ अधिकारी पर उनके ही ड्राइवर ने की फायरिंग

कनखल थाना क्षेत्र स्थित आईबी के क्षेत्रीय कार्यालय में तैनात एसपी सीपी नौटियाल पर उनके ही चालक ने कथित तौर पर गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली उनके माथे के बेहद करीब से निकल गई और वह बाल-बाल बच गए। घटना के बाद कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में एसपी सीपी नौटियाल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

अधिकारी का अपने ड्राइवर से चल रहा था विवाद

वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एसपी सीपी नौटियाल और उनके चालक के बीच पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी नाराजगी के चलते चालक ने कथित तौर पर उन पर फायरिंग कर दी। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और फायरिंग के पीछे की परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हो पाई हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

VVIP मूवमेंट के बीच सुरक्षा व्यवस्था में हुई घटना

गौरतलब है कि शनिवार को हरिद्वार में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिवंगत मां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली समेत कई राज्यों से मंत्री, विधायक, सांसद और अन्य वीवीआईपी हरिद्वार पहुंचे थे। वीवीआईपी आगमन को देखते हुए शहर में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती के साथ सुरक्षा और निगरानी बढ़ाई गई थी।

चालक से पूछताछ कर रही पुलिस

ऐसे में कड़ी सुरक्षा और वीवीआईपी मूवमेंट के बीच आईबी के क्षेत्रीय कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारी पर गोली चलने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी चालक से पूछताछ कर रही है। जांच के बाद ही घटना की पूरी वजह और इससे जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.